June 19, 2026


"कदमताल की गूंज से मुखरित हुई कबीरधाम पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने परखी अनुशासन और दक्षता की कसौटी"।

परेड की सूक्ष्म बारीकियों का किया गया गहन निरीक्षण, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन।

कबीरधाम - कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आयोजित की जाने वाली साप्ताहिक जनरल परेड के क्रम में आज दिनांक 19 जून 2026 को प्रातः 06:00 बजे न्यू पुलिस लाइन रक्षित केंद्र, कबीरधाम में जनरल परेड का आयोजन किया गया। जनरल परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा ली गई। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक ने किया।

Advertisement

 इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक व जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। जनरल परेड के दौरान पुलिस बल द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुशासन, एकरूपता, सजगता एवं समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया।

परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने जवानों के टर्नआउट, वर्दी एवं बेल्ट एवं जूतों की स्वच्छता, पंक्तिबद्धता, अंतराल, कदमताल की एकरूपता, सलामी की शुद्धता, कमांड के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया, दाएं-बाएं मुड़ एवं पीछे घूम जैसी गतिविधियों की शुद्धता, शारीरिक संतुलन, समन्वय तथा परेड संचालन की तकनीकी बारीकियों का सूक्ष्म अवलोकन किया। परेड के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और सामूहिक कार्य संस्कृति का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने वाहनों की स्वच्छता, रखरखाव, तकनीकी स्थिति, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा संबंधित अभिलेखों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वाहनों के नियमित रखरखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उनकी परिचालन स्थिति सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों एवं पुलिस कार्यों के प्रभावी एवं त्वरित निष्पादन के लिए शासकीय वाहनों की सुचारु एवं सदैव उपयोगी स्थिति में उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को परेड संचालन की विधियों, कमांड की स्पष्टता, नेतृत्व क्षमता, अधीनस्थ बल के नियंत्रण, दस्तों के समन्वय तथा अनुशासन के महत्व के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि एक कुशल पुलिस अधिकारी के लिए प्रभावी नेतृत्व, त्वरित निर्णय क्षमता तथा संगठनात्मक अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। नियमित परेड एवं प्रशिक्षण से ही कर्तव्य निर्वहन की दक्षता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।

 इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक द्वारा भी परेड की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षु अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों ने पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, मानसिक सजगता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।


परेड के दौरान परिलक्षित कमियों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने उनके त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा उच्च मानकों के अनुरूप परेड संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनरल परेड केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि पुलिस बल की अनुशासनप्रियता, सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल एवं संगठनात्मक एकता का प्रतिबिंब है। नियमित अभ्यास, सतत प्रशिक्षण एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के माध्यम से ही एक सक्षम, अनुशासित एवं जनोन्मुखी पुलिस बल का निर्माण संभव है।

परेड के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने अधिकारियों एवं जवानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने तथा भविष्य में और अधिक अनुशासन, दक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की पेशेवर उत्कृष्टता ही जनता के विश्वास की सबसे बड़ी आधारशिला है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनरल परेड न केवल शारीरिक एवं सामरिक दक्षता को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि एक अनुशासित, सजग, सक्षम, संवेदनशील एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने वाले आधुनिक पुलिस बल के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch