रायपुर - आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के अंतर्गत श्री जिनकुशलसूरि जैन दादाबाड़ी स्थित चल मंदिर में शनिवार को सम्मेत शिखर महातीर्थ की प्रतिकृति का भव्य उद्घाटन एवं स्थापना समारोह श्रद्धा एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इसी के साथ 48 दिवसीय सम्मेत शिखर महातीर्थ तप का भी शुभारंभ हुआ, जिसमें 125 से अधिक श्रावक-श्राविकाओं ने तप आराधना का संकल्प लिया।
सम्मेत शिखर पट के लोकार्पण का लाभ साध्वी नयप्रज्ञा श्रीजी म.सा., प्रियदर्शिता श्रीजी म.सा. एवं सुदर्शिता श्रीजी म.सा. की स्मृति में परम गुरुभक्त परिवार, चेन्नई को प्राप्त हुआ।
यह आयोजन पूज्य प्रवर्तिनी महोदया, कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका निपुणा श्रीजी म.सा. की विदुषी शिष्या एवं प्रवचन प्रभाविका मंजुला श्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा एवं प्रेरणा में संपन्न हुआ। स्थापना विधि श्री विपिनजी बागरेचा (नागदा, मध्यप्रदेश) ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ कराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मेत शिखर महातीर्थ की प्रतिकृति के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
संस्कारम शिविर और 51 दिवसीय परमात्म भक्ति का भी हुआ शुभारंभ।
चातुर्मास के अंतर्गत दादाबाड़ी परिसर में संस्कारम शिविर और 51 दिवसीय परमात्म भक्ति का भी शुभारंभ हुआ। समिति ने बताया कि संस्कारम शिविर प्रत्येक रविवार दोपहर 2 से 4 बजे तक श्री धर्मनाथ जिनालय एवं दादाबाड़ी में आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को जैन संस्कृति, जीवन मूल्यों एवं व्यक्तित्व विकास से जोड़ना है।
शिविर में परमात्म भक्ति, जैन दर्शन की मूलभूत जानकारी, जैनिज्म कोर्स, प्रैक्टिकल पूजा प्रशिक्षण, मंत्र एवं स्तुति, दैनिक धार्मिक अभ्यास के साथ प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियां, भजन, स्वास्थ्य एवं समूह गतिविधियां तथा विचार एवं ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसी क्रम में 51 दिवसीय परमात्म भक्ति का शुभारंभ भी दादाबाड़ी में हुआ। यह आयोजन पूज्य मंजुला श्रीजी म.सा., मृदुयशा श्रीजी म.सा., सम्यग्निधि श्रीजी म.सा. एवं सम्यग्प्रज्ञा श्रीजी म.सा. के पावन सान्निध्य में प्रतिदिन रात्रि आयोजित किया जाएगा।
प्रथम दिवस की भक्ति में भजन गायिका दीपिका चोपड़ा ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। 1 अगस्त की परमात्म भक्ति के लाभार्थी श्री पारसमलजी एवं उज्ज्वलजी झाबक (उज्ज्वल ज्वेलर्स, रायपुर) रहे। भक्ति के पश्चात लाभार्थी परिवार द्वारा आरती संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया, कार्यकारी अध्यक्ष अभय कुमार भंसाली, आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 समिति के अध्यक्ष बसंत लोढ़ा, महासचिव मुकेश निमाणी एवं कोषाध्यक्ष चिंतन मालू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने तप, भक्ति और संस्कार के इन कार्यक्रमों को आत्मकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।