BREAKING

धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रमों में आडम्बर, दिखावे की प्रवृत्ति को कम करने जैन संवेदना ट्रस्ट ने उठाया कदम।

Share:

रायपुर - धार्मिक, सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रमों में बढ़ते आडंबर दिखावे की प्रवृत्ति को कम करने के व मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत के दृष्टिकोण से जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा साधर्मिक सुकन्या विवाह योजना जारी की गई है। महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि जिसमें साधर्मिक कन्या के विवाह का सम्पूर्ण खर्च ट्रस्ट द्वारा किया जावेगा। कोचर व चोपड़ा ने आगे कहा कि धार्मिक, सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रमों में सम्पन्नता दिखाने की होड़ सी लगी हुई है, धन का अपव्यय, दिखवा, एक ने ऐसा किया तो कुछ नया करने की प्रतिस्पर्धा चल पड़ी है। जीवन में विवाह प्रसंग का अपना महत्व है, लेकिन वर्तमान समय में उसमें दिखावे की स्पर्धा हो रही है। भगवान महावीर स्वामी के उपदेशों के मार्ग में चलने वाला जैन समाज भी इस स्पर्धा से अछूता नही है। समाज में दिखावे की स्पर्धा में मध्यम व कमजोर वर्ग इसका दंश झेलता है, विचारशील समाज में जैन संवेदना ट्रस्ट ने सम्पूर्ण जैन समाज के लिए "साधर्मिक कन्या परिणय उत्सव योजना" प्रस्तुत की है। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने आगे बताया कि सादगीपूर्ण विवाह उत्सव हमारा लक्ष्य है। सम्पन्न वर्ग भी इसमें भाग लेकर मिशाल पेश कर सकता है। मध्यम वर्गीय परिवार इसका लाभ ले सकते हैं। साधर्मिक कन्या परिणय उत्सव का सम्पूर्ण अरेंजमेंट सादगीपूर्ण गाईड लाईन के साथ जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा किया जावेगा। कोचर व चोपड़ा ने साधर्मिक सुकन्या विवाह की गाईडलाईन स्पष्ट करते हुए कहा कि परिणय उत्सव एक दिवसीय होगा, विवाह की सारी रश्में मायास्थापना, हाथकाम, बीरा बधाना, निकासी, पाणिग्रहण, रिशेप्सन, बिदाई इत्यादि सुबह से रात तक में सम्पन्न होंगे। वर वधु पक्ष से सौ-सौ परिजन मेहमानों सहित भाग ले सकेंगे। सुबह का नाश्ता, दोपहर को सजन गोठ (प्रीतिभोज) व संध्या में रिशेप्शन की व्यवस्था संस्था द्वारा योजना के अंतर्गत की जावेगी। भवन, टेन्ट, डेकोरेशन, लाईट, साउण्ड सिस्टम, फोटोग्राफर की व्यवस्था जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा प्रदान की जावेगी। बैंड बाजा, घोड़ी, पाणिग्रहण की व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा की जावेगी। इस योजना के अंतर्गत परिणय उत्सव हेतु शर्तें तय की गई है, जिनका पालन अनिवार्य होगा। विवाह सादगीपूर्ण आडम्बर रहित होगा। साधर्मिक सुकन्या विवाह योजना में भाग लेने वाले वर वधु प्री वेडिंग शूट नही कर सकते हैं, लेडीज संगीत, बन्दोला, इवेन्ट मैनेजमेंट, कोरियोग्राफर प्रतिबंधित है। डी जे सिस्टम, डांसिंग फ्लोर प्रतिबंधित किया गया है। बारातियों का उपहार नही दिया जा सकेगा। कोचर व चोपड़ा ने बताया कि समाज में चर्चा के दौरान कुछ परिवारों ने सादगीपूर्ण विवाह योजना में भाग लेने आवेदन किया है। साथ ही सम्पन्नवर्ग ने इस योजना में आर्थिक सहयोग हेतु सहमति जताई है। जिन्हें भी इस योजना में शामिल होना है, वे महेन्द्र कोचर 9301056004 एवं विजय चोपड़ा 9301739494 से सम्पर्क करें।

Share:

Popular News