पिछले 8 माह में लगातार कच्चे तेल के मूल्यों में 30 से 40 प्रतिशत की कमी के बावजूद जनता को नही मिली राहत। वाणिज्यिक गैस सिलेंडर में मूल्य कटौती की तरह घरेलू गैस के दामों में कमी की मांग। रायपुर - केन्द्र सरकार द्वारा व्यावसायिक गैस में 83 रुपये मूल्य की कमी व विमान पेट्रोल के दामों में कटौती की गई है। इसी तरह पेट्रोल डीज़ल के दामों में कमी की जाती तो इससे मध्यम वर्ग व गरीब जनता को राहत मिलती। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पिछले 8 माह में कच्चे तेल व प्राकृतिक गैस के अंतर्राष्ट्रीय मूल्य में 30 से 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है । लेकिन केन्द्र सरकार ने उद्योगपति व धनाढ्य वर्ग के उपयोग में आने वाले विमान पेट्रोल के दाम कम किये हैं। आमजनता के उपयोग व उपभोक्ता सामग्री को प्रभावित करने वाले पेट्रोल डीज़ल के दाम कम नही किया गया है। महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि कच्चे तेल के दामों में कमी का पूरा फायदा पेट्रोलियम कम्पनीयों को देकर आमजनों को छला जा रहा है। जिससे महंगाई अपने उच्चतम स्तर पर है और जनता में हाहाकार मचा हुआ है। इसी तरह वाणिज्यिक गैस के मूल्यों में पिछले 3 माह से लगातार कटौती की जा रही है और घरेलू गैस के दाम अभी 50 रुपये बढ़ाए गए हैं। आमजनता को आज गैस 1200 रुपये में मिल रहा है । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उज्ज्वला योजना के अंतर्गत वितरित किए गए कनेक्शन के हितग्राही बढ़े दामों की वजह से पुनः रिफिल नही करा पा रहे हैं। महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य से अन्य घरेलू उपयोगी सामग्री के दाम सीधे प्रभावित होते हैं। जैन संवेदना ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को पत्र लिखकर सीधे हस्तक्षेप करने व संवेदनशील निर्णय लेते हुए आमजनता को राहत देने की मांग की है।