पंडरिया - पर्यावरण संरक्षण समिति पंडरिया के सदस्यों द्वारा 24 जून को समिति के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बदौरा स्थित रेस्ट हाऊस के पास कदम्ब का पौधा लगाकर आस-पास सफाई किया गया, तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बदौरा रेस्ट हाऊस के पास 8 बोरी प्लास्टिक डिस्पोजल गिलास व पानी पाऊच के कचरे तथा एक बोरी शराब का बॉटल निकाला गया। क्षेत्र से इस जगह पर पिकनिक मनाने के लिए लोग जाते हैं, जहाँ गंदगी छोड़ देते हैं।
समिति के मोहन राजपूत, अनुराग ठाकुर, हमीद खान व राजू श्रीवास्तव ने बताया कि बदौरा व क्रांति जलाशय के आस-पास लोग प्रतिदिन शराबखोरी के लिए जाते हैं। साथ ही पिकनिक मनाने भी बाहर से लोग पहुंचते हैं। जो अधिकतर प्लास्टिक के सामग्री का उपयोग करते हैं, तथा इन प्लास्टिक डिस्पोजल को वहीं छोड़ देते हैं। प्लास्टिक नष्ट नहीं होता है।उन्होने बताया कि जंगल मे बढ़ते हुए प्लास्टिक के कचरे से मृदा प्रदूषित हो रही है। साथ ही वन्य प्राणियों के लिए नुकसानदायक सिद्ध हो रहा है। इस पर प्रशासन को प्रतिबंध लगाना चाहिए। प्रशासन के साथ लोगों को भी जागरूक होकर इस क्षेत्र में प्रदूषण से बचना चाहिए।
इस दौरान मोहन राजपूत, अनुराग ठाकुर, राजीव श्रीवास्तव, मोहन सिंह(राजू), रोशन कौशिल, मुकेश कौशिक, विजय चंदेल, तुलस चन्द्राकर, हमीद खान, प्रफुल्ल बिसेन, रवि श्रीवास्तव, अजित मक्कड़(रिंकू), होरीलाल गबेल, सालिक यादव, गलीराम बंजारे, शंकर चंद्रवंशी, धर्मराज वर्मा, गोविंद रजक, शैल बिसेन, अर्चना ठाकुर, उर्वशी चंद्रवंशी, श्रुति, कविता, मयंक वर्मा एवं वन विभाग के जितेंद बहादुर सिंह, जोधन सिंह, दिलीप कुमार सहित अनेक लोग शामिल हुए।
"पांच वर्ष से कार्य कर रही समिति" - पर्यावरण संरक्षण समिति 24 जून 2018 से नगर में पौधारोपण का कार्य कर रही है। जिसमें 100 से अधिक सदस्य हैं। समिति द्वारा नगर में सड़क किनारे व कालोनियों में पौधे लगाए जाते हैं। मोहन सिंह (राजू), विजय चंदेल व तुलस चन्द्राकर ने बताया कि समिति पिछले पांच वर्षों से नगर व आस-पास के गांवों में पौधारोपण का कार्य कर रही है। समिति ने नगर में करीब 1800 से अधिक पौधे लगाए हैं, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 8000 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। समिति के सदस्यों द्वारा पौधे लगाने के बाद बड़े होने तक पानी डालने, सुरक्षा व देख - रेख का कार्य किया जाता है।
"ग्रामीण क्षेत्र में भी समिति की टीम कार्य कर रही" - पर्यावरण संरक्षण समिति पंडरिया के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी समिति का टीम कार्य कर रही है। अजित मक्कड़, धर्मराज वर्मा, होरीलाल व सालिक यादव ने बताया कि ग्राम कुंडा, कुकदूर, डोमसरा, महका, महली सहित अनेक जगह समिति पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण का कार्य कर रही है।उन्होने बताया कि समिति के कार्यों से लोगों में जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्र में भी लोग अब पर्यावरण को लेकर चितन कर रहे हैं, तथा समिति को सहयोग कर रहे हैं।
"विशेष अवसरों पर लगाये जाते हैं पौधे" - पर्यावरण संरक्षण समिति त्योहारों, जन्मदिन, स्मृति, विभिन्न आयोजनों में पौधारोपण का कार्य करती है। समिति के गोविंद रजक, रोहित, रोशन कौसिल व मुकेश कुमार ने बताया कि समिति विभिन्न त्योहार व शासकीय आयोजनों तथा विभिन्न जयंती पर पौधारोपण करती है। वहीं नगरवासियों के साथ जन्मदिन, वैवाहिक सालगिरह, स्मृति तथा अनेक अवसरों में पौधा लगाया जाता है। नगरवासियों के सहयोग से लगातार पौधा रोपण का कार्य किया जा रहा है। उन्होने बताया कि लोगों में पौधों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता आई हैं। नगर में पांच वर्ष पहले लगाए गए पौधे अब पेड़ बन चुके हैं।