रायपुर - खरतरगच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री जिनमणिप्रभ सूरीश्वर जी की पावन निश्रा में जैसलमेर में प्रथम दादागुरुदेव श्री जिनदत्त सूरि जी का त्रिदिवसीय चादर महोत्सव 6 से 8 मार्च को मनाया जा रहा है। श्री जिनदत्त सूरि चादर महोत्सव व विश्व शान्ति प्रत्यर्थ 7 मार्च को प्रातः 11.30 बजे से संगीतमय दादागुरुदेव इक्तिसा जाप श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर, भैरव सोसायटी में होगा। दादागुरुदेव श्री जिनदत्त सूरि चादर महोत्सव हेतु खरतरगच्छाधिपति, आचार्यों व उपाध्याय भगवन्तों सहित सैकड़ों साधु साध्वियों का जैसलमेर मंगलप्रवेश हुआ।

श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि दादागुरुदेव श्री जिनदत्त सूरीश्वर जी के अंतिम संस्कार में गुरुदेव की काया जल गई लेकिन उनके द्वारा धारण किए वस्त्र नही जले। चादर, चोल दुपट्टा व मुहपत्ती नही जली। जो कि 871 वर्षों से जैसलमेर में सुरक्षित रखा हुआ है। 7 मार्च को चादर चोलपट्टा व मुहपत्ती का भव्य वरघोड़ा निकलेगा दिव्य वस्त्रों का अभिषेक, वासक्षेप पूजन होगा व रात्रि में एक शाम गुरुदेव के नाम भक्ति होगी। 8 मार्च को प्रातः छत्तीसगढ़ के आध्यत्म योगी पूज्य उपाध्याय श्री महेन्द्र सागर जी का आचार्य पदारोहण होगा। साथ ही भक्तों द्वारा चमत्कारी चादर चोलपट्टा व मुहपत्ती का वासक्षेप पूजन होगा। अभिषेक जल व पूजित वासक्षेप का श्रद्धालुओं में वितरण किया जावेगा।
श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद महासचिव महेन्द्र कोचर ट्रस्टी नीलेश गोलछा, डॉ योगेश बंगानी खरतरगच्छ महिला परिषद की राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीमती मंजू कोठारी ने छत्तीसगढ़ के दादागुरुदेव के भक्तों से निवेदन किया है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में दादागुरुदेव इक्तिसा जाप में सम्मिलित होकर जिनशासन की शोभा बढ़ाएं।