रायपुर - श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) मालवीय रोड में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह एवं भक्तांबर विधान का भव्य आयोजन अत्यंत भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मूलनायक श्री आदिनाथ भगवान की बेदी के समक्ष भव्य भक्तांबर विधान के साथ हुई। सुबह 8 बजे प्रभु श्री जी को पांडुशिला पर विराजमान कर प्रासुक जल से अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके उपरांत आरती एवं मंत्रोच्चार के साथ भक्तांबर विधान संपन्न हुआ, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
इस पावन अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, राजधानी रायपुर के विभिन्न मंदिरों के पदाधिकारीगण, सम्माननीय वरिष्ठ सदस्यगण एवं ट्रस्टीगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान नई कार्यकारिणी के सदस्यों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का श्रीफल, गमछा और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह में बड़ा मंदिर के कार्यवाहक मैनेजिंग ट्रस्टी श्री सनत कुमार जैन एवं ट्रस्टीगण—श्री प्रभात जैन, श्री संजय जैन (सतना) एवं श्री भरत भोरावत जैन—सहित समस्त ट्रस्टीमंडल द्वारा निर्विरोध नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पदभार सौंपा गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री संजय जैन नायक, सचिव श्री आनंद जैन रानू, कोषाध्यक्ष श्री दिलीप जैन, उपाध्यक्ष श्री नीरज जैन, श्री श्रद्धेय जैन विक्की, श्री बंशीलाल जैन, सह-सचिव श्री शैलेन्द्र जैन एवं सह-सचिव व मीडिया प्रभारी श्री प्रणीत जैन सहित अन्य सभी पदाधिकारियों ने मंदिर के विकास और समाज की एकता के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंदिर जी के कार्यवाहक मैनेजिंग ट्रस्टी श्री सनत जैन जी ने कहा कि, "पद केवल एक जिम्मेदारी है और हमारा मुख्य लक्ष्य मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू बनाना है।" कार्यक्रम में उपस्थित समाज के विभिन्न वरिष्ठ प्रमुखों ने भी अपने विचार साझा किए और नई टीम को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी समाजजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस आयोजन में समाज के महिला, पुरुष एवं युवा वर्ग की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
सूचनादाता : -प्रणीत जैन - सह-सचिव एवं मीडिया प्रभारी
कार्यालय, श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ),मालवीय रोड रायपुर (छ.ग.)