रायपुर - आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के अंतर्गत श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट एवं आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास समिति की ओर से बाल संघपति एवं श्री सम्मेत शिखर भाव यात्रा का आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 165 बालक-बालिकाओं को संघपति बनने का अवसर मिला।
परम पूज्य कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी महोदया निपुणा श्रीजी म.सा. की सुशिष्या एवं प्रवचन प्रभाविका परम पूज्य मंजुला श्रीजी महाराज साहिबा की निश्रा में आयोजित कार्यक्रम में सुबह 7 बजे श्री ऋषभदेव मंदिर, सदर बाजार से यात्रा प्रारंभ हुई। श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया एवं कार्यकारी अध्यक्ष अभय कुमार भंसाली ने बाल संघपतियों को तिलक लगाकर यात्रा के लिए रवाना किया।
दादाबाड़ी परिसर में पहुंचने के बाद सम्मेत शिखर महातीर्थ की प्रतिकृति तक भव्य चतुर्विध संघ यात्रा निकाली गई। इस दौरान आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 समिति के अध्यक्ष बसंत लोढ़ा, महासचिव मुकेश निमाणी, सह-सचिव अभिषेक गोलछा एवं कोषाध्यक्ष चिंतन मालू ने बाल संघपतियों का विजय तिलक किया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने सम्मेत शिखर महातीर्थ की प्रतिकृति के दर्शन किए और भाव यात्रा में सहभागिता निभाई। भाव यात्रा की विधि श्री विपिनजी बागरेचा, नागदा ने कराई। आयोजन के दौरान संघमाला का भी आयोजन हुआ।
आयोजन समिति के अनुसार बाल संघपति बनाने का उद्देश्य बच्चों में धर्म, संस्कार, नेतृत्व एवं सेवा भावना का विकास करना है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को जैन धर्म, तीर्थ परंपरा और धार्मिक संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
दादाबाड़ी में मनाया गया भगवान नेमिनाथ का जन्म कल्याणक, शक्रस्तव महापूजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह।
आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के अंतर्गत श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट, रायपुर द्वारा भगवान श्री नेमिनाथ के जन्म कल्याणक के अवसर पर दादाबाड़ी स्थित परिसर में शक्रस्तव महापूजन का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन पूज्य कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी महोदया निपुणा श्रीजी म.सा. की विदुषी शिष्या एवं प्रवचन प्रभाविका पूज्य मंजुला श्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा एवं प्रेरणा में संपन्न हुआ।
17 अगस्त 2026, सोमवार को सुबह 8:30 बजे से दादाबाड़ी, एमजी रोड, रायपुर में आयोजित शक्रस्तव महापूजन में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई। महापूजन की विधि श्री विपिनजी बागरेचा, नागदा द्वारा विधिवत कराई गई।
आयोजन के दौरान भगवान श्री नेमिनाथ के जन्म कल्याणक की धार्मिक महत्ता का स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना एवं आराधना की। पूजन के पश्चात सामूहिक एकासना का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन समिति ने बताया कि आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से समाजजनों को आराधना, संयम और आत्मकल्याण की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 समिति के अध्यक्ष, महासचिव मुकेश निमाणी एवं कोषाध्यक्ष चिंतन मालू सहित श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट एवं चातुर्मास समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट, रायपुर के अंतर्गत संपन्न हुआ।
17 Aug 2026