रायपुर - भगवान महावीर जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में रविवार शाम रात्रि 8:30 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ भाग लेकर भगवान महावीर स्वामी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
महाआरती के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कुमारपाल राजा का भव्य प्रवेश हुआ। इसके पश्चात भगवान महावीर स्वामी की भव्य महाआरती संपन्न हुई। आरती के समय श्रद्धालुओं के हाथों में दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। वहीं ध्वजाओं से सुसज्जित मैदान और ढोल-नगाड़ों की भक्तिमय ध्वनि ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। तेज बारिश के बावजूद लगभग 400 से 500 श्रद्धालु एकत्रित हुए और भगवान महावीर स्वामी की भव्य महाआरती में सहभागी बने। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
महाआरती के दौरान पूरा परिसर भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर भगवान महावीर के सिद्धांतों—अहिंसा, सत्य, संयम एवं करुणा—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान महावीर जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित यह भव्य आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, एकता एवं संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम बना।
13 Sep 2026