छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ द्वारा राहुल गांधी के जन्मदिन पर कटे - फ़टे होंठ व तालु के जन्मजात विकृति के बच्चों का परीक्षण ऑपरेशन शिविर का आयोजन कालड़ा बर्न व कास्मेटिक सेंटर में किया गया। कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में कटे फ़टे होंठ के बच्चों का परीक्षण डॉ सुनील कालड़ा द्वारा किया जावेगा, और बच्चों के होंठ तथा तालू में छिद्र का निःशुल्क ऑपरेशन किया जावेगा। चूंकि कोरोना के केस दर्ज हो रहे हैं, अतः कोरोना नियमों का पालन करते हुए सीमित मरीजों का परीक्षण किया जा रहा है। अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने इस अवसर पर कहा, कि श्री राहुल गांधी संवेदनशील, दूरदृष्टि वाले राजनेता हैं, देश निर्माण में उनके सभी सुझाव सामयिक व अनुकरणीय रहे हैं। शिविर में आज 8 माह की खिलेश्वरी के कटे फ़टे होंठों का सफल ऑपरेशन प्रसिद्ध सर्जन डॉ सुनील कालड़ा ने किया। उदयपुर के शोभा साहू की प्रथम संतान है, जन्म से ही चेहरे की विकृति देखकर पिता व माँ दुःखी व चिंतित थे। ऑपरेशन से खिलेश्वरी का चेहरा सुन्दर हो जावेगा। माँ व पिता की खुशी साफ झलक रही है। उन्होंने कांग्रेस व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया है। कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रभारी महामंत्री रवि घोष, अमरजीत चावला, कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, पारस चोपड़ा के मार्गदर्शन में अभी तक बाईस हजार से ज्यादा विकलांगों को कृत्रिम पैर हाथ, ट्राइसिकल, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र वैसाखी इत्यादि से लाभान्वित किया गया है। शिविर में कटे फ़टे होंठ के मरीजों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था प्रकोष्ठ द्वारा की गई है। शिविर में महेन्द्र कोचर, डॉ सुनील कालड़ा, विजय चोपड़ा, प्रवीण जैन, महावीर मालू , विजय भट्टाचार्य, मुकेश शाह, प्रकाश पुजारा, दीपक पाण्डेय, की सक्रिय भूमिका है। शिविर में कमल टोप्पो 6 वर्ष, शाहिद 10 माह, कीमत 8 माह, सेवती 9 वर्ष, दुलेष नाग 4 वर्ष का सफल ऑपरेशन डॉ सुनील कालड़ा द्वारा किया गया।