रायपुर - छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ द्वारा चार दिवसीय दिव्यांग सेवा सद्भावना शिविर का आज भारतरत्न राजीव गांधी के जन्मदिवस पर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा, डॉ सुनील कालड़ा ने शुभारंभ किया। भारत में कम्प्यूटर युग के प्रणेता राजीव गांधी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। शिविर में कटे-फ़टे होंठ व तालु के जन्मजात विकृति के बच्चों का परीक्षण ऑपरेशन शिविर का आयोजन कालड़ा बर्न व कास्मेटिक सेंटर में डॉ सुनील कालड़ा के मार्गदर्शन में किया गया है। शिविर राजीव गांधी के जन्मदिवस से मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के जन्मदिन 23 अगस्त तक आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री के 61 वे जन्मदिन के अवसर पर 61 दिव्यांगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें कटे-फ़टे होंठों के ऑपरेशन सहित वैशाखी वितरण, श्रवण यन्त्र का वितरण किया जावेगा, साथ ही हाथ पैर कटे दिव्यांगों का परीक्षण किया जावेगा। कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि चार दिवसीय शिविर में कटे फ़टे होंठ के बच्चों का परीक्षण डॉ सुनील कालड़ा द्वारा किया गया, और 19 बच्चों का ऑपरेशन हेतु चयन किया गया है।जिनके होंठ तथा तालू में छिद्र का निःशुल्क ऑपरेशन किया जावेगा। अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने इस अवसर पर कहा कि कई बच्चों के जन्म से चेहरे विकृत होते हैं, जिससे उन्हें खाने पीने में दिक्कत होती है, बोलने में उच्चारण सही नही हो पाता व बच्चों व माता पिता में हीन भावना पैदा हो जाती है। डॉ. सुनील कालड़ा द्वारा ऐसे बच्चों के चेहरे ऑपरेशन से ठीक किये जावेंगे। महेन्द्र कोचर ने बताया कि ये ऑपरेशन प्राइवेट में कराने से लगभग 25 से 30 हजार रुपये का खर्च आता है, जिसे प्रदेश कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ के माध्यम से डॉ सुनील कालड़ा द्वारा निःशुल्क किया जा रहा है। शिविर में आज सलमामा 15 वर्ष, विकास पटेल 14 वर्ष, सुष्मिता बरिहा 14 वर्ष, भानुप्रताप 13 वर्ष, पुष्पा 4 माह, रेहाना 6 वर्ष, कुसुम 9 माह, फातिमा खातून 11 माह, आमिर 4 वर्ष, मोहम्म्द रियाज 12 वर्ष, समीर दास 2 वर्ष, शेरू खातून 8 वर्ष, सरोज साहू 5 वर्ष के कटे फ़टे होंठों का सफल ऑपरेशन प्रसिद्ध सर्जन डॉ सुनील कालड़ा द्वारा किया जावेगा। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने बताया कि 14 वर्षीय सुष्मिता की माता अपनी बेटी के जन्म से ही चेहरे की विकृति देखकर दुःखी व चिंतित हैं। सुष्मिता स्कूल में भी उदास रहती है, ऑपरेशन से सभी बच्चों के चेहरे सुन्दर हो जावेंगे, पिता व माँ की खुशी साफ झलक रही है। कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन प्रभारी महामंत्री रवि घोष, अमरजीत चावला, सुमित्रा धृतलहरे कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, पारस चोपड़ा के मार्गदर्शन में अभी तक इक्कीस हजार से ज्यादा विकलांगों को कृत्रिम पैर हाथ, ट्राइसिकल, कैलिपर्स, श्रवणयंत्र वैसाखी इत्यादि से लाभान्वित किया गया है। शिविर में कटे फ़टे होंठ के मरीजों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था प्रकोष्ठ द्वारा की गई है। शिविर में महेन्द्र कोचर, डॉ सुनील कालड़ा, विजय चोपड़ा, महावीर मालू, विजय भट्टाचार्य, मुकेश शाह, प्रकाश पुजारा, दीपक पाण्डेय, की सक्रिय भूमिका है ।