रायपुर - भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति द्वारा सुराना भवन नलघर चौक में आयोजित निःशुल्क विशाल शिविर में 48 पैर कटे दिव्यांगों के जयपुर पैर का नाप लेकर निर्माण कार्य प्रगति पर है। शिविर के पंचमदिवस स्व. भंवरलाल पगारिया स्मृति में अशोक पगारिया परिवार द्वारा 11 जयपुर पैर वितरित किए गए। प्रथम चरण में 15 पैर कटे दिव्यांगों को जयपुर पैर दिए गए।
समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा ने बताया कि शिविर में पैर कटे अधिकांश विकलांग पहली बार पैर बनवाने आए हैं। बिलासपुर के दोनों पैर कटे विकलांग सुनील टंडन का नया जयपुर पैर शिविर में बनाया गया। टंडन पिछले कई वर्षों से श्री विनय मित्र मण्डल के स्थायी वर्कशॉप में पैर बनवा रहे हैं। बिलासपुर में ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। सुनील टंडन ने पहली बार आए विकलांगों को चलकर दिखाया और हौसला अफजाई की। महावीर मालू व दीपचंद कोटड़िया ने पैर कटे दिव्यांगों को जयपुर पैर लगाकर चलने का अभ्यास करवाया। हरीश डागा व विकास धाड़ीवाल ने बताया कि शिविर में आज 26 गूंगे बहरे दिव्यांगों को श्रवणयन्त्र वितरित किये गए। 11 दिव्यांगों को स्व भंवरलाल पगारिया स्मृति में श्रवण यन्त्र अशोक पगारिया, जीनवलाल लोढ़ा, मुकेश कंदोई ने वितरण किया। समिति के कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी ने कहा कि शिविर का आयोजन श्री विनय मित्र मण्डल, जैन संवेदना ट्रस्ट व साधुमार्गी जैन समता युवा संघ की सहभागिता से किया गया है।