भड़ेरा के किसान ओमप्रकाश साहू ने कहा अब कृत्रिम हाथ लग जाने से खेतों में खाद , कीटनाशक छींट सकूंगा।
रायपुर - भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति द्वारा सुराना भवन में आयोजित निःशुल्क विशाल दिव्यांग शिविर में 46 हाथ कटे भाई बहनों को कृत्रिम हाथ लगाए गए। वितरण समारोह में समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने कहा कि मानवता की सेवा जीवन का सर्वोत्तम कार्य है। इसमें सहभागिता से मन को शकुन मिलता है। कोरोना काल के कारण पिछले 3 वर्षों से शिविर नही हुआ था, जिससे हाथ कटे दिव्यांगों के कॉल आते थे। सकल जैनसमाज के शिविर से 46 भाई बहन लाभान्वित हुए हैं। मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा ने इस अवसर पर दिव्यांगों से कहा कि हाथ लगाकर दिव्यांग अच्छी प्रेक्टिस करें व कृत्रिम हाथ का सदुपयोग करें। शिविर में लाभान्वित अन्नदाता किसान को कृत्रिम हाथ लगाकर जैन समाज हर्षित है। ग्राम भड़ेरा, धमतरी के किसान ओमप्रकाश साहू 30 वर्ष का 2 वर्ष पूर्व दुर्घटना में एक हाथ कट गया था, ओमप्रकाश बताते हैं कि जीवन में अचानक अंधकार छा गया मैं निराश हो गया, खेती किसानी के काम में दिक्कत होने लगी, जैनसमाज के शिविर में मुझे कृत्रिम हाथ लग गया है, मुझे प्रेक्टिस कराई गई है अब मैं पुनः खेत में काम कर सकूंगा, खाद, कीटनाशक इत्यादि का छिड़काव कर लूंगा। अब तक मुझे इन कामों के लिए मजदूर रखने पड़ते थे। साईकिल भी चला सकूंगा, पहले जैसा महसूस कर रहा हूँ। ग्राम गोडाही की कु. लक्ष्मनी साहू 14 वर्ष का बचपन से एक हाथ आधा कटा हुआ है, बिना हाथ के दसवीं तक पढ़ाई की है, लेकिन सभी बच्चों को देखकर मन में एक दर्द का एहसास होता है, जीवन में पहली बार दूसरा हाथ लगा है, लक्ष्मनी कहती है कि खुशी की कोई सीमा नही है, इसे केवल मैं ही महसूस कर सकती हूं।
सकल जैनसमाज द्वारा कृत्रिम हाथ वितरण समारोह में महेन्द्र कोचर, विजय चोपड़ा, चन्द्रेश शाह, महावीर मालू, हरीश डागा, गुलाब दस्सानी, वीरेन्द्र डागा, विकास धाड़ीवाल, दीपचंद कोटड़िया, सिद्धार्थ डागा ने 46 दिव्यांगों को कृत्रिम हाथों का वितरण किया। निःशुल्क विशाल दिव्यांग शिविर का आयोजन भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति द्वारा श्री विनय मित्र मण्डल, जैन संवेदना ट्रस्ट, श्री साधुमार्गी जैन समता युवा संघ की सहभागिता से किया गया है।