रायपुर - जैन संवेदना ट्रस्ट ने आम बजट को गरीबों, वंचितों के लिए निराशाजनक बताया है। ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि आम बजट से मध्यम वर्ग, गरीबों, वंचितों को कोई राहत नही मिली है। चारों तरफ टेक्स में छूट की चर्चा की जा रही है, लेकिन 136 करोड़ की आबादी में केवल 8 करोड़ टेक्स पेयर हैं, जिन्हें राहत दी गई है। कोचर व चोपड़ा ने बताया कि हमने घरों में काम करने वाले लोगों से, ई रिक्शा चालकों से, मजदूरों से, आम प्राइवेट सेक्टर में नौकरी पेशा लोगों से चर्चा की उनका कहना है कि आटा, गेहूं, चावल, सब्जी, दूध, खाद्य तेल, गैस, पेट्रोल डीजल आदि रोजमर्रा की सामग्री की कीमतों में कोई कमी नही होगी। आम गरीब व मध्यम वर्गीय परिवार के लोग पूछ रहे हैं, कि बजट से हमारे जीवन में क्या बदलेगा।