रायपुर - शंकरनगर जैन श्रीसंघ के उपाध्यक्ष, धर्मनिष्ठ श्रावक रविन्द्र लुणिया का शुक्रवार को नागौर-राजस्थान में आकस्मिक निधन हो गया, वे 69 वर्ष के थे। श्री लुणिया राजनांदगांव निवासी श्री शांतिलाल कोठारी द्वारा ले जाए गए संघ (धार्मिक यात्रा) में शामिल थे। श्री लुनिया कोठारी परिवार के दामाद थे।
श्री लुणिया स्व. जुगराज लुणिया के पुत्र थे। उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए परिजनों द्वारा उनके पार्थिव शरीर का दान जोधपुर मेडिकल कॉलेज में कर दिया गया ताकि मेडिकल के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन का लाभ मिल सके। इससे पहले उनके पुत्र एवं पुत्री से सहमति ली गई और उनके सलाह के अनुसार ही देहदान किया गया।
धार्मिक यात्रा पर आए श्री लुणिया को ब्रेन हेमरेज हुआ। उनकी पत्नी शारदा लुणिया एवं पुत्री व उनके पुत्र ने अपने पिता की इच्छा के अनुसार देहदान करने का निर्णय लिया। रायपुर के रहने वाले रविन्द्र लुणिया अपनी पत्नी शारदा लुणिया के साथ मारवाड़ की धार्मिक यात्रा पर गए थे। यात्रा मे 50 यात्रियो का संघ साथ में था। उनका नागौर राजस्थान मे प्रातः 10बजे आकस्मिक निधन हो गया।इस पर यात्रा में शामिल डॉ. संजीव जैन व फनेन्द्र जैन ने देहदान व नेत्रदान की प्रक्रिया जोधपुर एस.एन. मेडिकल कालेज में जाकर पूरी करवायी।
इससे पूर्व जोधपुर में रतन लोढ़ा से संपर्क किया गया । उन्होंने कैलाश जैन और देहदान काउंसलर मनोज मेहता से सम्पर्क करवाया। इस पर डॉ. एस.एन.मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग में देहदान किया गया।
देहदान से पहले नेत्रदान
देहदान से पहले मृतक के नेत्रदान भी हुए।शारदा लुणिया ने बताया कि यह जीवन की हृदय विदारक घटना है। उन्होंने बताया कि मेरे पुत्र व पुत्री छत्तीसगढ़ में हैं और उनकी सहमति पर एवं तीर्थ यात्री संघ के सहयोग से देहदान का निर्णय लिया गया। मेडिकल कॉलेज विभागाध्यक्ष डॉ सुषमा कटारिया ने बताया कि यह अब तक का 229वां और इस वर्ष 27 वां देहदान है। डॉ. संजीव जैन एवं नवदृष्टि फाउंडेशन छत्तीसगढ़ से फनेन्द्र जैन स्वयं उपस्थित होकर पूरी प्रक्रिया संपन्न करवायी।
25 Aug 2026