रायपुर - जैन समाज के वर्तमान परिवेश में इन दिनों विवाह समारोह में हो रही अत्यधिक खर्च व फिजूलखर्ची को रोकने के लिए जैन संवेदना ट्रस्ट ने जैन समाज के लिये आडम्बर रहित विवाह उत्सव की गाईड लाईन तैयार की है जिसे सकल जैन समाज ने हाथोंहाथ लिया है।
जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि समाज के मध्यम वर्ग को शादियों में होने वाले अत्यधिक खर्च को बचाने के लिए एवं उन्हें कर्ज रहित जीवन यापन के उद्देश्य से सादगीपूर्ण विवाह उत्सव गाईड लाईन बनाई गई है। गाईड लाईन के तहत केवल एक दिन में विवाह की सारी रश्में यथा माया स्थापना, हाथकाम, बीरा मायरा, पलड़ा, संघपूजा, नकासी, पाणिग्रहण, स्वागत समारोह व बिदाई आदि सम्पन्न करना है। सादगीपूर्ण जैन विवाह के अंतर्गत स्वरूची भोज में पानी सहित अधिकतम 35 व्यंजन रखे जा सकेंगे, रात्रि में रिशेप्सन निषेध होगा । मेहंदी व लेडीज संगीत के कार्यक्रम घरेलू माहौल में सम्पन्न होंगे व इस हेतु इवेन्ट वाले नही रखे जा सकेंगे। विवाह में वर व वधु पक्ष के मेहमानों की संख्या सीमित की गई है दोनों ओर से सौ सौ रिश्तेदार भाग ले सकते हैं। बारातियों की संख्या सीमित की गई है व बैठा ब्याह को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है, प्री वेडिंग शूट पर प्रतिबंध लगाया गया है, विवाह पूर्व होने वाले बन्दोले भी नही करने का निर्णय लिया गया है, दूल्हे की बन्दोली भी दिन में निकाली जावेगी जिसमें बैंड बाजे वालों की संख्या सीमित की गई है तथा डी जे बैन किया गया है। थांबा व बारातियों को दिया जाने वाला उपहार प्रतिबंधित किया गया है।
जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि इस सादगीपूर्ण विवाह गाईड लाईन को सकल जैन समाज का भरपूर समर्थन मिल रहा है। वर्तमान में इसे रायपुर शहर में लागू किया गया है, शीघ्र ही इसे सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में विस्तारित किया जावेगा, इस हेतु छत्तीसगढ़ स्तरीय जैन समाज सम्मेलन की रूपरेखा तय की जा रही है यह सम्मेलन उव्वसग्गहरम तीर्थ, नगपुरा में किया जाना प्रस्तावित है। सादगीपूर्ण जैन विवाह के लिये जैन संवेदना ट्रस्ट के मार्गदर्शक व कार्यकर्ता जैन समाज में जागरूकता अभियान चलाकर संकल्प पत्र भराया जा रहा है। साथ ही ग्यारह जोड़ों के सादगीपूर्ण विवाह आयोजित करने संस्था प्रयासरत है। इस हेतु जोन आधारित टीम का गठन किया गया है।
25 Aug 2026