खैरागढ़ - मनोहर गौशाला खैरागढ़ में रविवार को प्रभु पार्श्वनाथ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव पर भव्य धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनोहर गौशाला में विराजित भगवान पार्श्वनाथ मंदिर में पारस पंचकल्याणक पूजा विधिवत संपन्न कराई गई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के वैज्ञानिक डॉ. विवेक त्रिपाठी ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से मनोहर गौशाला में गोमूत्र एवं गोबर आधारित अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे 35 से 40 प्रतिशत तक रासायनिक उर्वरकों की बचत संभव हो रही है। यह कार्य पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक कृषि की दिशा में अत्यंत सराहनीय है।

मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने बताया कि पंचकल्याणक पूजा का सौभाग्य श्री अलौकिक पारस पद्मावती मंडल को प्राप्त हुआ, जिनके सान्निध्य में समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया। साथ ही मनोहर गौशाला का स्थापना दिवस भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। बता दें कि गौशाला द्वारा लगातार 12 वर्षों से जीव दया गोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौ भक्तजन एवं संतजन आशीर्वाद प्रदान करने पहुंचते हैं। इस वर्ष करीब 12 सौ श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
जीव दया गोष्ठी में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विसेसर पटेल थे। विशेष अतिथियों के रूप में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जीव जंतु कल्याण बोर्ड भारत सरकार सदस्य सुनील मान सिंगा, समाजसेवी मोहन चंद बैद ओमप्रकाश बरलोटा, जीतो कोलकाता के अध्यक्ष धर्मेंद्र जैन, समाजसेवी महेंद्र धारीवाल, राजेंद्र डाकलिया मौजूद थे।
भजन संध्या से भावविभोर हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम में भक्ति रस से परिपूर्ण भजन संध्या में लाेग झूमने को मजबूर हो गए। जैनम डाकलिया बंधुओं ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रायपुर से करीब 500 तीर्थ यात्रियों के साथ बरलोटा परिवार (ओमप्रकाश एवं राजेश कुमार बरलोटा परिवार) की सहभागिता कार्यक्रम की विशेष शोभा बनी। कार्यक्रम का कुशल एवं सराहनीय संचालन गगन बरडिया ने किया।
गौ सेवा रत्न अलंकरण से सम्मान
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि मनोहर गौशाला द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला ‘गौ सेवा रत्न अलंकरण’ इस वर्ष
खैरागढ़ के पूर्व एसपी एवं आईपीएस अधिकारी त्रिलोक बंसल को प्रदान किया गया। उनकी निरंतर गौ सेवा, सेवा अणुव्रत एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया, जिससे गौशाला स्वयं गौरवान्वित हुई।