BREAKING

संयम संग्रामोत्सव का शुभारंभ आज, चार मुमुक्षु आत्माओं की वैराग्य भावना की होगी अनुमोदना।

Share:

दादाबाड़ी प्रवचन हॉल में शक्रस्तव अभिषेक, पूजा और भक्ति के कार्यक्रम, शाम को सदर जैन मंदिर में मुमुक्षुओं द्वारा होगी भव्य आरती।

रायपुर - आत्मशुद्धि, तप आराधना और संयम साधना के पावन भावों से सुसज्जित तीन दिवसीय ‘संयम संग्रामोत्सव’ का शुभारंभ 21 नवंबर, शनिवार से होगा। श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट, रायपुर के तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक महोत्सव के पहले दिन दादाबाड़ी प्रवचन हॉल में शक्रस्तव अभिषेक, बहुमान, पूजा और भक्ति के कार्यक्रम होंगे। शाम को सदर जैन मंदिर में मुमुक्षु आत्माओं द्वारा भव्य आरती की जाएगी।

महोत्सव में चार मुमुक्षु आत्माओं की वैराग्य भावना की अनुमोदना की जाएगी। इनमें रायपुर के बालमुमुक्षु निपुण बैद, फिंगेश्वर की राखी चोपड़ा तथा दल्ली राजहरा की दर्शिता नाहटा और राशि नाहटा शामिल हैं। ये मुमुक्षु आत्माएं सांसारिक जीवन से विरक्त होकर संयम और साधना के मार्ग की ओर अग्रसर हो रही हैं।

सुबह 9 बजे होगा शक्रस्तव अभिषेक एवं बहुमान।

महोत्सव के प्रथम दिवस को ‘निर्मलता कारक’ दिवस के रूप में मनाया जाएगा। सुबह 9 बजे दादाबाड़ी प्रवचन हॉल में शक्रस्तव अभिषेक एवं बहुमान का कार्यक्रम होगा। यह आयोजन श्रेणी तप तपस्वी श्रीमती सुमनजी छाजेड़ और मुमुक्षु आत्माओं की अनुमोदना के लिए रखा गया है। इसके साथ पूजा और भक्ति का कार्यक्रम होगा, जिसकी प्रस्तुति मुंबई के मंथन शाह देंगे। कार्यक्रम के पश्चात तपस्वी परिवार की ओर से साधार्मिक वात्सल्य रखा गया है।

शाम 6:30 बजे मुमुक्षुओं द्वारा भव्य आरती

दिनभर के धार्मिक कार्यक्रमों के बाद शाम 6:30 बजे कोतवाली चौक स्थित जैन स्तम्भ से होते हुए सदर जैन मंदिर पहुंचेंगे जहाँ मुमुक्षु आत्माओं द्वारा भव्य आरती की जाएगी। इस अवसर पर समाजजन और श्रद्धालु मुमुक्षुओं की वैराग्य भावना की अनुमोदना करेंगे।

तीन दिवसीय महोत्सव खरतरगच्छाचार्य छत्तीसगढ़ रत्न प. पू. श्री जिनपीयूषसागरसूरीश्वरजी म.सा. के शिष्यरत्न प. पू. मुनि श्री संवेगरत्नसागरजी म.सा. आदि ठाणा तथा प. पू. कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका निपुणा श्रीजी म.सा. की विदुषी शिष्या प्रवचन प्रभाविका प. पू. मंजुलाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में संपन्न होगा।

महोत्सव का मूल भाव ‘एक नई शुरुआत – पर से स्व की ओर, संसार से मोक्ष की ओर’ रखा गया है। कार्यक्रम का संयोजन श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी राजेंद्र गोलछा (हेमू) द्वारा किया जा रहा है। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में धर्मलाभ लेने और मुमुक्षु आत्माओं की संयम यात्रा के साक्षी बनने का आग्रह किया है।

Share:

Popular News