BREAKING

हैदराबाद में पूज्या गणिनी प्रवरा श्री सुलोचनाश्रीजी म.सा. का भव्य महत्तरा पदारोहण समारोह सम्पन्न।

Share:

हैदराबाद - त्रयनगर, हैदराबाद स्थित श्री जिनकुशलसूरि कारवान दादावाड़ी में परम पूज्य गुरुदेव राष्ट्ररत्न, खरतरगच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा. की पावन निश्रा में पूज्या गणिनी प्रवरा श्री सुलोचनाश्रीजी म.सा. का श्रमणी परंपरा के सर्वोच्च महत्तरा पद पर भव्य पदारोहण समारोह दिनांक 15 नवम्बर 2026 को हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ।

समारोह का शुभारंभ पूज्य गुरुदेव एवं साध्वी मंडल के भव्य मंगल प्रवेश के साथ हुआ। मंगलाचरण के पश्चात् आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। पूज्य गुरुदेवश्री ने विधि-विधानपूर्वक मंत्र-विद्या का श्रवण करवाया। 


पूज्य गुरुदेवश्री ने अपने उद्बोधन में बताया कि पूज्या गणिनी प्रवरा श्री सुलोचनाश्रीजी म.सा. स्वयं महत्तरा पद स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन गुरु-आज्ञा को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने इस पद को स्वीकार किया।

वहीं पू. सुलोचनाश्रीजी म.सा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए पूज्य आचार्य श्री जिनकांतिसागरसूरिजी म.सा. के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। पूज्य गुरुदेवश्री के प्रति अपने विशेष आत्मीय भाव प्रकट किए तथा अपनी स्वर्गस्य बहिन साध्वी श्री सुलक्षणाश्रीजी म.सा. का भावुकतापूर्वक स्मरण किया। उनके भावपूर्ण उद्बोधन ने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को भावविभोर कर दिया।

पूज्या साध्वी श्री प्रीतियशाश्रीजी म.सा. ने अपनी भावनाएं अभिव्यक्त कीं, वहीं पूज्या साध्वी श्री प्रियवंदनाश्रीजी म.सा. ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किया। साध्वी मंडल ने भी गुरुमैया के प्रति अपनी भावनाओं को सुंदर प्रस्तुति के माध्यम से अभिव्यक्त किया। मुमुक्षु बहिनों ने गीत प्रस्तुति दी।


समारोह के दौरान खरतरगच्छ की गौरवशाली परंपरा, इतिहास, तीर्थों एवं गुरुभगवंतों की जानकारी को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘खरतरगच्छ ऐप’ का लोकार्पण किया गया। इस गौरवमयी अवसर के निमित्त मुनि श्री मलयप्रभसागरजी म.सा. द्वारा रचित विशेष गीत का भी लोकार्पण किया गया। 20 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें पूज्या गणिनी प्रवरा श्री सुलोचनाश्रीजी म.सा. के जीवन से जुड़े भावपूर्ण प्रसंगों की झलकियां प्रस्तुत की गईं। इसके पश्चात् महत्तरा पदविधि के अंतर्गत स्वाध्याय स्पर्श पुस्तक का विमोचन किया गया। इसी क्रम में गुणायाजी टॉपर परीक्षा के परिणाम भी घोषित किए गए।

कार्यक्रम का सम्पूर्ण कुशल संचालन मुनि श्री विरक्तप्रभसागरजी म.सा. द्वारा किया गया।

समारोह में उजमणे का सुंदर एवं भव्य आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। आकर्षक सजावट एवं श्रद्धा से परिपूर्ण वातावरण में सजे उजमणे के मनोरम दृश्य ने सभी का मन मोह लिया। इस अनुपम आयोजन के दर्शन कर उपस्थित श्रावक-श्राविकाएं भावविभोर हो उठे।

पदारोहण के विभिन्न धार्मिक प्रसंगों में विशिष्ट परिवारों ने श्रद्धापूर्वक लाभ प्राप्त किए। वर्धमान पट अर्पण का लाभ श्री मांगीलालजी, सुपारसजी एवं गौतमचंदजी बैद, चेन्नई ने लिया। स्वर्ण माला अर्पण का लाभ श्री पन्नालालजी, गौतमचंदजी एवं पारसमलजी कवाड़, तिरुपत्तूर ने प्राप्त किया। कर्ण पूजा एवं कामली अर्पण का लाभ श्री प्रमोदजी एवं वृषभजी चोपड़ा ने प्राप्त किया, वहीं गुरुपूजन का लाभ श्री मोतीलालजी, अमरचंदजी एवं आतीषजी श्रीश्रीमाल, हैदराबाद ने लिया। रजत अक्षत से बधाने का लाभ संसारी परिवार श्री आसकरणजी-कंचनबाई, फलोदी ने प्राप्त किया। वासक्षेप अर्पण का लाभ श्री कपूरचंदजी-प्रशांतजी श्रीश्रीमाल, हैदराबाद ने लिया। स्थापनाजी अर्पण का लाभ श्री अनुपचंदजी-कस्तूरबाई गोलेच्छा, तिरुपत्तूर ने लिया। आसन अर्पण का लाभ श्री ज्ञानचंदजी एवं अनिलकुमारजी चोपड़ा ने लिया। नामकरण का लाभ श्री धनराजजी, धरमचंदजी एवं राजेशजी रांका ने प्राप्त किया। 

दीक्षार्थियों के परिवारजनों ने पूज्य गुरुदेवश्री के समक्ष दीक्षा मुहूर्त प्रदान करने की विनती प्रस्तुत की। गुरुदेवश्री ने पादरू निवासी श्री ललितकुमारजी एवं जयबाला देवी श्रीश्रीमाल की सुपुत्री मुमुक्षु पूर्ति श्रीश्रीमाल की दीक्षा हेतु 20 जनवरी 2027 को बीजापुर में दीक्षा का मंगल मुहूर्त प्रदान किया। इसी क्रम में तिरुपत्तूर निवासी श्री पन्नालालजी एवं गुलाबबाई की पौत्री तथा श्री ललितजी एवं कविकलाजी कवाड़ की सुपुत्री मुमुक्षु दर्शना कवाड़ की दीक्षा हेतु 30 अप्रैल 2027 को तिरुपत्तूर में दीक्षा का मंगल मुहूर्त प्रदान किया गया।

महोत्सव के दौरान पूज्य गुरुदेवश्री के समक्ष यलगिरी प्रतिष्ठा के लिए विशेष विनती रखी गई। आगामी चातुर्मास के निमित्त चेन्नई के श्री चूलै जैन संघ एवं सिंधनूर से संघों ने विनतियां प्रस्तुत कीं। 

इस ऐतिहासिक समारोह में श्री जैन तीर्थ श्री पार्श्वनाथ तीर्थ ट्रस्ट मंडल, आदोनी संघ, सिंधनूर संघ, रायचूर तथा अरुणजी गोलेच्छा सपरिवार एवं बच्चों सहित विशेष रूप से पधारे। इसके अतिरिक्त बेंगलुरु, चेन्नई, कम्पली, कोयल, होस्पेट, इरोड, मदुराई, सिरिगुप्पा, विल्लीवाक्कम, तिड़िवनम, कड़लूर, रायपुर, गुंटकल, कडपा, वारंगल, अहमदाबाद, सूरत, सोलापुर, मुंबई, बड़ौदा, चांदवड़, नासिक, जयपुर, फलोदी, बाड़मेर, चौहटन एवं जगदलपुर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रीसंघों के प्रतिनिधि एवं गुरुभक्त हैदराबाद पहुंचे।

सम्पूर्ण समारोह उल्लास, श्रद्धा एवं आत्मीयता से परिपूर्ण एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय प्रसंग बन गया।

Share: