राजस्थान के उदयपुर शहर में घटित पेशे से टेलर कन्हैया लाल की नृशंस हत्या की जैन संवेदना ट्रस्ट घोर निंदा करता है, एवं राजस्थान सरकार से दोषियों को त्वरित कड़ी कार्यवाही की मांग करता है। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि ऐसे घृणित हत्याकांड की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में होनी चाहिये, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिले एवं समाज में अच्छा उदाहरण प्रस्तुत हो। यह हत्याकांड समाज में वैमनस्यता फैलाने का कुत्सित प्रयास है इसे भाईचारे से विफल करना चाहिए। जैन संवेदना ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर देश में सौहाद्रपुर्ण वातावरण के निर्माण हेतु आवश्यक कदम उठाने का निवेदन किया है। महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि भारत महात्मा गांधी के बताए अहिंसा के मार्ग पर चलने वाला देश है, जहाँ विभिन्न जाति धर्म सम्प्रदाय भाषा वर्ग के लोग मिलजुल कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहते हैं, जिसकी मिशाल पूरे विश्व में दी जाती है। ऐसे देश में हिंसा का कोई स्थान नही है। देश में अचानक इस प्रकार की घटना का बढ़ना चिंताजनक है, और इसके पीछे के कारणों को तलाश कर पुनः सौहार्द पुर्ण वातावरण निर्माण के ईमानदार प्रयास होने चाहिए। महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा व अनेकान्तवाद के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। अनेकान्तवाद का सिद्धांत हमें सर्वधर्म समभाव की प्रेरणा देता है। जिस पर चलकर देश में सभी भाईचारे से एकसूत्र में बंध कर रह सकते हैं।