रायपुर - छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ द्वारा मुख्यमंत्री श्री भुपेश बघेल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय सेवा सद्भावना दिव्यांग शिविर में 61 दिव्यांग लाभान्वित हुए। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि शिविर में डॉ सुनील कालड़ा ने 42 कटे फ़टे होंठ व तालु में छिद्र वाले बच्चों का सफल ऑपरेशन किया, कालड़ा बर्न व कॉस्मेटिक सेन्टर में डॉ सुनील कालड़ा ने ऑपरेशन कर बच्चों के चेहरे सँवार दिए। इसके अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ द्वारा राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर दिव्यांगों को वैशाखी व श्रवण यन्त्र का वितरण किया गया। महेन्द्र कोचर, विजय चोपड़ा व महावीर मालू ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री श्री बघेल के 61 वे जन्मदिन पर 61 दिव्यांगों को लाभान्वित करना तय किया गया था, सो विभिन्न क्षेत्रों से चयनित पैर के दिव्यांग 12 भाई बहनों को वैशाखी का सहारा प्रदान किया गया, गूंगे बहरे लोगों को आवश्यकता अनुसार श्रवण यन्त्र प्रदान किया गया। पंडरी के 5 वर्षीय कोमल, मोवा से अय्यूब 63 वर्ष, ग्राम बरौदा के 56 वर्षीय राजेश चौहान सहित 7 लोगों को श्रवण यन्त्र वितरित किया गया। 56 वर्षीय राजेश ने बताया कि उन्हें पिछले 3 वर्षों से कम सुनाई दे रहा था, अब कान की मशीन लगाकर पुनः ठीक से सुन सकेंगे। राजेश ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई प्रेषित की। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस विकलांग सेवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने बताया कि विगत वर्षों में प्रकोष्ठ द्वारा अभी तक 21 हजार से ज़्यादा दिव्यांगों को सहयोग प्रदान किया गया है।