रायपुर - छत्तीसगढ़ में पहली बार वीर आराधक परिवार बनने का शुभ अवसर आया है। श्री जैन श्वेताम्बर आध्यात्मिक चातुर्मास समिति के अध्यक्ष विवेक डागा ने बताया कि पर्युषण पर्व के दौरान जिस परिवार का सात दिनों तक चूल्हा बंद रहेगा, उस परिवार की सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक की भोजन व्यवस्था समिति की ओर से किया जा रहा है।
यहां बच्चों या परिवार के किसी भी सदस्य के लिए टिफिन की व्यवस्था भी समिति की ओर से की जा रही है। घर में सात दिनों तक चूल्हा बंद रखने वाले ऐसे धर्मनिष्ठ परिवार का श्रीसंघ की तरफ से परम पूज्य गुरूवर्या की निश्रा में विशेष सम्मान किया जाएगा, और उनके लिए भक्ति रखी जाएगी। इस व्यवस्था का लाभ लेने के लिए समिति के पास परिवार का नाम दर्ज कराना पड़ेगा और नाम लिखाने वाले परिवारों की व्यवस्था की जाएगी। इसी कड़ी में महावीर जन्म वाचन के कार्यक्रम वर्धमान नगर मंदिर में 27 अगस्त यानी शनिवार को दोपहर 2 बजे से बोली सपनों की शुरू होगी। आप सभी से अनुरोध है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित होकर हमारे ट्रस्ट और संघ का बहुमान बनाए रखें।