रायपुर - चातुर्मास के इस पावन अवसर पर रायपुर में उपवास का रिकॉर्ड बना। प्रियदर्शनी नगर में रहने वाले 56 वर्षीय सुनील कुमार सोनी ने एक साथ प्रथम दिन ही 31 दिनों के उपवास का पच्चखाण लिया है, यह उपवास वे राष्ट्रसंत श्री ललितप्रभ सागर महाराज की अनुमति से कर रहे हैं। उपवास के क्रम में सोमवार को उनका 24 वां दिन रहा। यह पहली बार है कि किसी श्रावक ने एक साथ 31 दिनों का उपवास लिया है। आज तक किसी ने एक साथ 31 दिनों का उपवास नहीं लिया है। वहीं ऐसा करने की अनुमति गुरु भी नहीं देते हैं। सामान्यतः श्रावक एक दिन में एक ही उपवास का पच्चखाण लेते हैं। उपवासकर्ता सुनील कुमार सोनी ने बताया कि उनके पिता श्री मोहनलाल जैन, माता श्रीमती शांति देवी जैन और गुरु राष्ट्रसंत ललितप्रभ सागर जी महाराज के आशीर्वाद से ही मुझसे इतना आत्मबल मिला की मैं 31 दिनों का उपवास कर रहा हूं। उपवास के दौरान आत्मबल बढ़ाने में पत्नी रेखा सोनी का पूरा सहयोग रहा है। यह उपवास 4 सितंबर को खत्म होगा और 6 सितंबर को राष्ट्रसंत श्री ललितप्रभ सागर जी महाराज उनके घर आकर उन्हें पारणा करवाएंगे और आशीर्वाद देंगे।