BREAKING

कमराखोल के दोषी वनकर्मियों को निलंबित व कुछ का ट्रांसफर किया गया।

Share:

कवर्धा, 29 सितंबर 2022। कैबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर के निर्देश पर पंडरिया विकासखंड के ग्राम कमराखोल (गर्राकोना) निवासी स्व. बुधराम बैगा के आत्महत्या प्रकरण में आरोपियों पर बड़ी कार्यवाही की गई है। मण्डल प्रबंधक छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम कवर्धा परियोजना मंडल के आदेश द्वारा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल अनिल कुमार कुर्रे तथा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल प्रवीण सिंह परिहार को थाना कुकदूर में पंजीबंद्ध अपराध प्रकरण में गिरफ्तार किए जाने से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कवर्धा परियोजना मंडल कवर्धा किया गया है। इसी प्रकार क्षेत्रीय महाप्रबंधक रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के आदेश द्वारा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल एवं क्षेत्ररक्षक का स्थानांतरण कर दिया गया है। पंडरिया वृत्त कवर्धा परियोजना मंडल में पदस्थ सहायक परियोजना क्षेत्रपाल, श्री रंजीत कुमार पटेल का सहायक परियोजना क्षेत्रपाल मुरूमडीह वृत्त, बार नवापारा परियोजना मंडल रायपुर स्थानांतरण किया गया। इसी प्रकार मुरूमडीह वृत्त बार नवापारा परियोजना मंडल रायपुर में पदस्थ सहायक परियोजना क्षेत्रपाल श्री देवनारायण साहू को पंडरिया वृत्त, कवर्धा परियोजना मंडल कवर्धा, में पदस्थ किया गया है। गांगपुर बीट कवर्धा परियोजना मंडल में पदस्थ क्षेत्ररक्षक श्री अरूण कुमार सिंह को कराठी डिपो अंतागढ़, परियोजना मंडल भानुप्रतापपुर और प्रशिक्षण से वापसी उपरांत अंतागढ़ परियोजना मंडल भानुप्रतापपुर में पदस्थ किया गया है। विनायक मानव मरावी का अंतागढ़ परियोजना मंडल, भानुप्रतापपुर से स्थानांतरण गांगपुर बीट कवर्धा परियोजना मंडल कवर्धा में किया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर ने विगत दिनों पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम कमराखोल (गर्राकोना) निवासी स्व. बुधराम बैगा के निवास पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी। मंत्री श्री अकबर ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली थी। वनमंत्री श्री अकबर ने बैगा परिवारजनों से चर्चा करते हुए इस घटनाक्रम की हर पहलुओं पर जांच कराने और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया था। मंत्री श्री अकबर ने इससे पूर्व भी घटना की जानकारी प्राप्त होने पर जिला और पुलिस प्रशासन को आवश्यक विधिवत कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना की जांच कर अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। विगत दिनों प्रशासनिक टीम द्वारा गांव पहुंचकर मृतक के परिवार से मुलाकात की गई थी। मृत आदिवासी स्वर्गीय बुधराम बैगा के परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में अधिकारियों को जानकारी मिली। मृतक के परिवार में 6 बच्चे है, इसमें से एक बच्चा छोटा है वहीं 4 बच्चे कक्षा चौथी के बाद पढ़ाई छोड़ दिए है। जिला प्रशासन द्वारा अब परिवार के 4 बच्चे पोलमी छात्रावास में प्रवेश दिलाया जा रहा है। चारों बच्चे हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करेंगे। इनमें तीन बालिका और 1 बालक शामिल है।

Share:

Popular News