BREAKING

राज्य स्तरीय कराओके गीत गायन कार्यक्रम में प्रतिभागी देंगे शानदार प्रस्तुतियां, विधायक भावना बोहरा होंगी मुख्य अतिथि।

Share:

पंडरिया, 29 अगस्त 2026 - पंडरिया नगर में संगीत प्रेमियों के लिए रविवार का दिन खास होने जा रहा है। सिम्फनी म्यूजिकल ग्रुप पंडरिया के तत्वावधान में राज्य स्तरीय कराओके गीत गायन कार्यक्रम ‘स्वरांजलि 4.0’ का भव्य आयोजन 30 अगस्त, रविवार को सामुदायिक भवन पंडरिया में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर एवं क्षेत्र के संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से चयनित प्रतिभागी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों द्वारा लोकप्रिय हिंदी गीतों के साथ ग़ज़ल, भक्ति गीत, देशभक्ति गीत एवं छत्तीसगढ़ी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक चलेगा।


आयोजकों राजीव श्रीवास्तव एवं पवन पाठक ने बताया कि ‘स्वरांजलि’ के माध्यम से संगीत के प्रति रुचि रखने वाले प्रतिभाशाली लोगों को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य किसी प्रतियोगिता तक सीमित न होकर गायन प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर देना और उनका उत्साहवर्धन करना है।

कार्यक्रम में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संगीत प्रेमी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आयोजक विकास शुक्ला एवं नीतू भट्ट ने बताया कि ‘स्वरांजलि 4.0’ को यादगार बनाने के लिए मंच एवं कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में अलग-अलग विधाओं के गीतों की प्रस्तुतियों के चलते दर्शकों को संगीत की विविध रंगों से सजी सुरमयी शाम देखने-सुनने को मिलेगी।

सिम्फनी म्यूजिकल ग्रुप पंडरिया ने नगरवासियों एवं क्षेत्र के संगीत प्रेमियों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें और ‘स्वरांजलि 4.0’ की इस सुरमयी शाम के साक्षी बनें।

Share:

Popular News