जगदलपुर - कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रेखचंद जैन का कहना है कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के साथ है। भाजपा भ्रम फैलाकर चुनाव को कलुषित करने के प्रयास में अवश्य विफल होगी। पौने पांच साल तक जनता से दूर रहे भाजपा नेता अब जागरूक मतदाताओं से आंख नहीं मिला पा रहे हैं। जगदलपुर के निवर्तमान विधायक श्री जैन ने मीडिया को जारी बयान में कहा है कि छत्तीसगढ़ में पिछले पांच साल में विकास के लाखों काम हुए हैं। शहर से लेकर गांव तक और समाज के सभी वर्गों के हितार्थ बड़ी संख्या में काम हुए हैं। सामाजिक समरसता की भावना को कांग्रेस ने मजबूत किया है। छत्तीसगढ़ के चौमुखी विकास से घबराकर भाजपा नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। इससे अधिक हास्यास्पद बात और क्या हो सकती है कि भाजपा राज्य में सट्टेबाजी के झूठ का सहारा ले रही है। इन हालातों में छत्तीसगढ़ में अनेक स्थानों पर जनता भाजपा प्रत्याशियों से सीधे सवाल- जवाब कर रही है। जनता के प्रत्यक्ष विरोध से भाजपा नेता घबरा गए हैं और उटपटांग बयानबाजी कर रहे हैंं। पब्लिक जानती व मानती है कि प्रायोजित खबरों से परिणाम नहीं बदलता है। यह बात आगामी तीन दिसंबर को भी साफ हो जाएगी और छत्तीसगढ़ से एक बार फिर भाजपा का सफाया हो जाएगा। कोरोना काल में घरों में दुबके रहे। पूर्व विधायक श्री जैन ने कहा है कि भाजपाई पौने पांच साल तक जनता के किसी भी विषय पर खड़े नहीं दिखे क्योंकि राज्य सरकार की कृषि ऋण माफी, धान बोनस अदायगी, बिजली बिल हाफ योजना जैसी अनेकों योजनाओं के वे खुद लाभार्थी थे। यहां तक कि छत्तीसगढ़ के दर्जनों भाजपा नेता कांग्रेस की योजनाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते नहीं थकते थे। फिर जनता ने भी भाजपा को कोरोना काल में देखा है। इस वैश्विक आपदा से निपटने जब कांग्रेस के लोग पीड़ितों - प्रभावितों के साथ खड़े थे तब भाजपा नेता अपने घरों से नहीं निकल रहे थे। श्री जैन के अनुसार भाजपा के लिए जन सेवा का मतलब केवल अपनी तिजोरी भरना है। ऐसे में समाज में भ्रम फैलाकर व भ्रामक धारणा बनाकर चुनाव फतह करने का भाजपाई मंसूबा कभी सफल नही होगा और अधिकतर सीटों को जीतकर कांग्रेस फिर एक बार सरकार बनाएगी। इस बात की कल्पना मात्र से भाजपा नेता- कार्यकर्ता सिहर जा रहे हैं और सटोरियों की भाषा में बात कर रहे हैं।