कवर्धा - पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र कुकदुर अंतर्गत ग्राम सेमरहा में तेंदुपत्ता संग्राहकों के सड़क दुर्घटना में दिवंगत 19 लोगों के आज दशगात्र कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सम्मिलित होकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने परिवारजनों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान दशगात्र कार्यक्रम में लगभग 10,000 से 12,000 की बड़ी संख्या में ग्रामवासी व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है और राज्य सरकार इस हादसे में हताहत परिवारों के आर्थिक सहयता से लेकर हर संभव सहयता के लिए तत्पर है। अपने परिवारजनों को खोने का जो दुःख है उसे मैं समझ सकता हूँ। सीएम विष्णु देव साय ने दशगात्र में श्रद्धांजलि देते हुए कहा यह समय बहुत पीड़ा दायक है ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कही भी और कभी भी ऐसा घटना न हो। उन्होंने कहा इस दुर्घटना में सर्वाधिक माताओं का देहावसान हो गया पूरे गाँव में सबने अपना कोई नजदीकी खोया है। मैं बूढ़ा देव से प्रार्थना करता हूँ इस दुःख की घड़ी से निकलने के लिए ईश्वर संबल प्रदान करें। उन्होंने कहा इस घटना ने न केवल छत्तीसगढ़वासियों बल्कि पूरे देश ने अपनी संवेदना व्यक्त की। इस हादसे का दुःख मुझे भी है इसलिए आज उन सभी दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने और परिवारजनों से उनका हालचाल जानने व उनका दुःख बाँटने के लिए आज यहां आया हूँ। राज्य सरकार हताहत परिवारजनों के प्रति हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है और राज्य शासन द्वारा परिवारजनों हेतु घोषित आर्थिक सहयता राशि जल्द ही उनके खतों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एवं राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय ने भी परिवारजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की एवं संबोधित कर हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।