कवर्धा - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला के अधीनस्थ उप स्वास्थ्य केंद्र बैरख के आश्रित ग्राम रानीदहरा में बीएमओ डॉ. राजपूत के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मलेरिया जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ढोलबज्जा, बैरख और पालक बंजारी क्षेत्र में घर-घर पहुँचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। टीम ने मलेरिया के लक्षणों की बारीकी से जाँच की और जिनमें बीमारी के संकेत पाए गए, उन्हें तुरंत दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपाय भी बताए गए, जिनमें मच्छरदानी का उपयोग, पानी को इकट्ठा न होने देना और आसपास सफाई बनाए रखना जैसे उपाय शामिल थे। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की प्राथमिकता के साथ जांच की गई, ताकि किसी भी संवेदनशील वर्ग को जोखिम न हो।
लोगों को यह भी जागरूक किया गया कि शुरुआती लक्षण दिखते ही निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। दवाई वितरण के साथ-साथ परामर्श और निवारक जानकारी देकर अभियान को प्रभावी और सफल बनाया गया। इस पहल से ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी और मलेरिया नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाया गया।