रायपुर, 10 सितम्बर 2025: - आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली को देखते हुए जेसीआई रायपुर मैक यूनाइटेड द्वारा महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (मैक), रायपुर में “मैनिफेस्टेशन – ए मेंटल डिटॉक्स” विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करना था।
इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन डॉ. जे.सी. अनन्या मिश्रा ने किया। उन्होंने बताया कि हमारे विचारों में हमारी पूरी जिंदगी को बदलने की शक्ति होती है। नकारात्मक सोच जीवन को कठिन बना देती है, वहीं सकारात्मक सोच जीवन को सरल, सुखद और सफल बना देती है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ध्यान (मेडिटेशन), सकारात्मक चिंतन, आत्म-प्रेम और तनाव कम करने की सरल तकनीकें सिखाई गईं। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इन तकनीकों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
डॉ. मिश्रा ने कहा – “मैनिफेस्टेशन केवल सोचने का तरीका नहीं है, बल्कि यह मानसिक शुद्धिकरण का एक प्रभावी माध्यम है, जो हमें चिंता और अवसाद से दूर रखता है।”
सत्र के अंत में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान किया। उन्होंने इसे जीवन में एक नई शुरुआत की प्रेरणा देने वाला अवसर बताया।
एक्स चेयरमैन सर राजेश अग्रवाल और प्रिंसिपल डॉ. जैस्मिन जोशी के नेतृत्व में आयोजित जेसीआई रायपुर मैक यूनाइटेड द्वारा महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (मैक) में यह “मैनिफेस्टेशन – ए मेंटल डिटॉक्स” प्रशिक्षण सत्र वास्तव में प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।