कवर्धा - 31/03/26 - चरम तीर्थंकर भगवान महावीर जन्म कल्याणक मंगलवार को जैन समुदाय द्वारा हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव कार्यक्रम का आगाज 24 मार्च से हुआ था। 8 दिन तक लगातार जैन समाज के विभिन्न घटकों द्वारा सर्व समाज परोपकार हेतु स्वल्पाहार, भोजन, पेय पदार्थ, मिष्ठान्न वितरण, रक्तदान शिविर, गुप्त आर्थिक सहयोग जैसे अनेक पुण्य कार्य संपन्न कराए गए।

मुख्य कार्यक्रम भगवान महावीर के जन्म दिवस पर 31 मार्च मंगलवार को हुआ। सुबह प्रभात फेरी निकली, वरघोडा़ 10:00 बजे जैन मंदिर के सामने से प्रारंभ हुआ मुख्य मार्गो से गुजरते शोभायात्रा में गगन भेदी नारे, जय जय कार, भजन, स्तवन श्रावक श्राविकाओ द्वारा उच्चारित किया जा रहे थे। मार्ग में विभिन्न धर्म समुदायों द्वारा जैन समाज के महावीर अनुयायियों का शरबत, फ्रूटी, मेवा, शीतल पेय आदि द्वारा आत्मीय सत्कार किया जा रहा था। अपने परिवार में हो रहे चार वर्षी तप के उपलक्ष में सुबह के भोजन के लाभार्थी श्री चंद्रकांत जी देढ़िया परिवार रहे।
महावीर स्वामी चौक वरघोड़ा के पहुंचने पर वीर चौक का शुभारंभ हजारों लोगों की उपस्थिति में नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने किया। श्री अश्विन श्रीश्रीमाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों के द्वारा मिले अपार सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कवर्धा के लोकप्रिय प्रथम नागरिक श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने जन्मकल्याणक की बधाई देते हुए जैन समाज के योगदान की सराहना की तथा यह घोषणा भी की। यदि इस वीर चौक में प्रचार सामग्री लगाई गई तो उसे दंडनीय अपराध माना जाएगा। वीर स्तंभ चौक पर सकल जैन श्री संघ अध्यक्ष श्री नेमीचंद श्री श्रीमाल ने अतिथियों के साथ ध्वजारोहण किया। वीर गान श्राविकाओ द्वारा प्रस्तुत किया गया। वरघोड़ा का समापन सराफा जैन मंदिर परिसर में हुआ जहां समाज बंधुओ एवं अतिथियों ने स्वामी वात्सल्य का लाभ लिया। संपूर्ण कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों के साथ ही विहार सेवा दल कवर्धा की उल्लेखनीय भूमिका रही।