रायपुर - समाधि सम्राट 108 आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के 57वें मुनि दीक्षा दिवस के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई मैदान के समीप सिंधु पैलेस में 18 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 7:30 बजे से भव्य दीक्षा दिवस समारोह का आयोजन किया गया है।
समारोह के दौरान आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चरण चिह्नों की प्रतिष्ठा, संगीतमय पूजन-अर्चन तथा संतों के मंगल प्रवचन एवं छोटे बच्चों,युवा,महिलाओं के विभिन्न धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सभी आमजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण शिविर का भी आयोजन किया गया है। जिसका लाभ सधार्मिक बंधु ले सकते है।
श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर, शंकर नगर के अध्यक्ष सनत जैन, सचिव अजय जैन एवं कोषाध्यक्ष विजय जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज, रायपुर, श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर, शंकर नगर तथा प्रतिभा महिला मंडल, शंकर नगर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
यह आयोजन मुनि श्री 108 आगम सागर महाराज, मुनि श्री 108 पुनीत सागर महाराज, ऐलक श्री 105 धैर्य सागर महाराज, वंदनीय ज्येष्ठ आर्यिका श्री 105 तपोमाता जी, आर्यिका श्री 105 नम्रमति माता जी, आर्यिका श्री 105 विनम्रमति माता जी, आर्यिका श्री 105 अतुलमति माता जी एवं आर्यिका श्री 105 अनुगममति माता जी के मंगलमय सान्निध्य में संपन्न होगा।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पुण्य अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा अपने परिजनों एवं परिचितों को भी इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
सूचनादाता - प्रणीत जैन (मीडिया प्रभारी)
श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर