BREAKING

18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रायपुर के श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर मालवीय रोड में होगा जैन मुनि संघ का भव्य चातुर्मास प्रवेश।

Share:

कल 19 जुलाई 2026 को भव्य शोभायात्रा प्रातः 7:30 बजे शंकर नगर से श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड तक निकलेगी।

रायपुर - राजधानी रायपुर के लिए कल 19 जुलाई 2026 का दिन अत्यंत ऐतिहासिक एवं स्मरणीय होने जा रहा है। श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में 'नवोदय तीर्थ पावन वर्षायोग 2026' के अंतर्गत परम पूज्य मुनि 108 श्री आगम सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश संपन्न होगा। यह अवसर इसलिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर के जिनालय में जैन मुनियों का वर्षायोग चातुर्मास हो रहा है, जिसे लेकर सकल जैन समाज में भारी उत्साह है।

श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री नरेंद्र जैन गुरुकृपा एवं अध्यक्ष श्री संजय नायक जैन ने जानकारी दी कि मुनि संघ का विहार कल प्रातः 7:30 बजे शंकर नगर स्थित श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होगा। धर्मप्रेमी बंधु भारी संख्या में एकत्रित होकर संतों की अगवानी करेंगे। प्रातः 8:00 बजे डी.के.एस. भवन के सामने (शास्त्री चौक) पर मुनि संघ का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात, यह मंगल विहार एक भव्य शोभायात्रा के साथ शास्त्री चौक, जय स्तंभ चौक होते हुए श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड तक जाएगा।


इस ऐतिहासिक अवसर को भव्यता देने के लिए सकल दिगंबर जैन समाज ने विशेष तैयारियां की हैं। शोभायात्रा में संतों की अगवानी करते हुए समाज के पुरुष श्वेत वस्त्र (सफेद कुर्ता-पायजामा) एवं महिलाएं केसरिया/ऑरेंज साड़ी के ड्रेस कोड में शामिल होंगी। ढोल-नगाड़ों की थाप और गुरुदेव के जयकारों के साथ यह शोभायात्रा जब श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर पहुंचेगी, तो वह दृश्य देखते ही बनेगा।


श्री नवोदय तीर्थ वर्षायोग समिति 2026 एवं सकल दिगंबर जैन समाज ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से विनम्र अनुरोध किया है कि 18 वर्षों बाद प्राप्त इस सुअवसर का साक्षी बनने के लिए सपरिवार समय पर उपस्थित हों। आप सभी की उपस्थिति गुरु चरणों में भक्ति अर्पित करने और इस ऐतिहासिक मंगल प्रवेश को सफल बनाने के लिए प्रार्थनीय है।

सूचनादाता - संजय नायक जैन

सकल दिगंबर जैन समाज, रायपुर

श्री नवोदय तीर्थ वर्षायोग समिति 2026

श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर

Share:

Popular News