BREAKING

फीलखाना में गुरुदेव श्री श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा., पूज्य गणिवर्य श्री मयंकप्रभसागरजी म.सा. आदि ठाणा का मंगल प्रवेश संपन्न।

Share:

हैदराबाद/रायपुर - परम पूज्य गुरुदेव सूरि सम्राट, राष्ट्ररत्न, अवंती तीर्थोद्धारक, खरतरगच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा., पूज्य गणिवर्य श्री मयंकप्रभसागरजी म.सा. आदि ठाणा–9 की पावन निश्रा एवं पूज्या गणिनी प्रवरा श्री सुलोचनाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा–34 की पावन सानिध्यता में श्रीसंघ शास्ता वर्षावास समिति, त्रयनगर के तत्वावधान में दिनांक 22 जुलाई 2026 को फीलखाना में गुरुदेव श्री का मंगल प्रवेश संपन्न हुआ। प्रातः शिखा कॉम्प्लेक्स होते हुए तोगसन मेटल मार्ग से श्री महावीर स्वामी जैन श्वेताम्बर जिनालय पहुँचने पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से गुरुदेव श्री की अगवानी की।


इसके पश्चात् गुरुदेव श्री का ऋषीश्रृंग भवन (दाल मंडी) में मंगल पदार्पण हुआ, जहाँ आयोजित धर्मसभा में श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तमजी संकलेचा एवं रमेशजी पारख द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ। तत्पश्चात् केएमपी की महिलाओं ने स्वागत गीत के माध्यम से गुरुदेव श्री का अभिनंदन किया। खरतरगच्छ श्रीसंघ की ओर से श्री हस्तीमलजी हुंडिया ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए गुरुदेव श्री के मंगल आगमन पर हर्ष व्यक्त किया।

ज्ञानवाटिका, फीलखाना के विद्यार्थियों एवं शिक्षिकाओं ने ज्ञानवाटिका की विविध गतिविधियों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का भरपूर उत्साहवर्धन एवं सराहना प्राप्त की। इसी क्रम में विक्रमजी ढड़्ढा एवं केएमपी अध्यक्षा श्रीमती अनिताजी श्रीश्रीमाल ने अपने विचार व्यक्त किए।


धर्मसभा में पूज्य गुरुदेव श्री ने धर्माराधना, संयम एवं आत्मकल्याण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को धर्ममय जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। तत्पश्चात् पूज्य मुनि श्री विरक्तप्रभसागरजी म.सा. ने हैदराबाद से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियाँ साझा करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। अंत में पूज्या साध्वी श्री प्रियकल्पनाश्रीजी म.सा. ने प्रेरक प्रवचन प्रदान कर श्रद्धालुओं को धर्ममार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर गुरुपूजन का लाभ रमेशकुमारजी, चंपालालजी एवं लालचंदजी रांका परिवार, गढ़ सिवाना (कोठागुड़म) ने प्राप्त किया। कामली का लाभ श्रीमती सुखीदेवी राय हंसिनी छाजेड़ परिवार (हीरा इम्पेक्स) ने प्राप्त किया। धर्मसभा के पश्चात् श्रीसंघ की ओर से स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन भरत भंसाली ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं बाहर से पधारे अनेक गणमान्यजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह समाचार नेमिकांतिमणि टीम द्वारा संकलित एवं प्रस्तुत किया गया है।

Share:

Popular News