रायपुर - वर्धमान नगर जिनालय में सकल जैन समाज को एकजुट करने और नवकार महामंत्र की आराधना के उद्देश्य से 35वें नवकार जाप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौसेवा और जीवदया के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मनोहर गौशाला खैरागढ़ के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ. अखिल जैन पदम डाकलिया को जैन गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदीप जैन को भी यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में आचार्य श्री पीयूष सागर महाराज के शिष्य मुनि श्री शाश्वत रत्न सागर महाराज ठाणा-2 का सानिध्य मिला। सामूहिक नवकार महामंत्र जाप के बाद मुनिश्री ने महामंत्र की महिमा और उसके आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।
डॉ. डाकलिया लंबे समय से गौवंश संरक्षण, जीवदया, अहिंसा और जैविक कृषि के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में मनोहर गौशाला निराश्रित गोवंश की सेवा के साथ किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। गौशाला द्वारा विकसित 'फसल अमृत' जैसे जैविक नवाचार के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
सम्मान मिलने पर डॉ. डाकलिया ने आयोजकों और सकल जैन समाज का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गौसेवा और जीवदया केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि धर्म, करुणा और अहिंसा की सच्ची आराधना है। उन्होंने भविष्य में भी गौवंश संरक्षण और जीवदया के कार्यों को विस्तार देने की बात कही।