BREAKING

150 वर्ष प्राचीन जिनालय में प्रतिदिन होंगे मूलनायक भगवान के अभिषेक एवं सम्पूर्ण विश्वशांति हेतु शांतिधारा; रायपुर के दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में 9 नवम्बर को मनाया जाएगा भगवान महावीर का 2553 वाँ मोक्ष कल्याणक एवं चातुर्मास निष्ठापन महोत्सव।

Share:

रायपुर - श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय मार्ग, रायपुर में इन दिनों परम पूज्य तपोनिष्ठ, प्रासुक साधना के धनी प.पु. मुनि 108 श्री आगम सागर जी महाराज, मुनि 108 श्री पुनीत सागर जी महाराज, एलक 105 श्री धैर्य सागर जी महाराज तथा एलक 105 श्री स्वागत सागर जी महाराज ससंघ के अलौकिक पावन सान्निध्य में धर्म-गंगा निरंतर प्रवाहित हो रही है। यहाँ प्रतिदिन भव्य धार्मिक अनुष्ठान भक्तिभाव के साथ संपन्न हो रहे हैं।

समयोंपदेश वर्षायोग समिति 2026 के अध्यक्ष नरेन्द्र जैन गुरुकृपा एवं भरत जैन भोरावत ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दिनांक 8 नवंबर 2026, रविवार को प्रातः 8:00 बजे जिनालय में विविध अनुष्ठान संपन्न हुए। मूलनायक भगवान के समक्ष श्रीजी को पांडुकशिला में विराजमान कर अष्टद्रव्य से मंगल अभिषेक, शांतिधारा एवं आचार्यश्री पूजन का परम सौभाग्य उपस्थित श्रावक बंधुओं को प्राप्त हुआ।


मुनि श्री आगम सागर जी महाराज की पावन आज्ञा के अनुसार अब 150 वर्ष प्राचीन जिनालय में प्रतिदिन मूलनायक भगवान का मस्ताभिषेक तथा मुनि श्री आगम सागर जी महाराज के श्रीमुख से शांतिधारा का उच्चारण होगा। आज प्रथम दिन मूलनायक भगवान को मस्ताभिषेक एवं शांतिधारा करने का परम सौभाग्य श्री सुरेशचंद जैन चूड़ी वाला परिवार को प्राप्त हुआ। इसके साथ ही, रिद्धि-सिद्धि तथा सुख-शांति प्रदाता शांतिधारा करने का अहोभाग्य श्री रमेश चंद जैन कंकाली पारा एवं श्री राजकुमार जैन (जैन जूस वाला परिवार) को प्राप्त हुआ। इस पावन अवसर पर समाज के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जनों ने उपस्थित रहकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

दिनांक 9 नवम्बर सोमवार को  मोक्ष कल्याणक निर्वाणोत्सव एवं चातुर्मास निष्ठापन का भव्य कार्यक्रम

चतुर्विंशति तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2553 वें मोक्ष कल्याणक (निर्वाण उत्सव), दीपावली महापर्व तथा समयोपदेश वर्षायोग 2026 के निष्ठापन के पावन सुअवसर पर कल 9 नवम्बर को मुनि श्री आगम सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में निम्नलिखित विशेष कार्यक्रम संपन्न होंगे जिसमें प्रातः 7:00 बजे: मूलनायक भगवान का स्वर्ण कलशों से भव्य अभिषेक।प्रमुख चार इंद्रों द्वारा विशेष शांतिधारा। भगवान महावीर स्वामी का अष्ट द्रव्यों से विशेष संगीतमय पूजन,मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में भगवान को निर्वाण लाडू समर्पण। मुनि श्री ससंघ का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, मंगल कलश वितरण, फूलमाल, महाआरती एवं मंगल देशना प्रवचन।

समयोपदेश वर्षायोग 2026 चातुर्मास काल की पूर्णता पर मुनि श्री आगम सागर जी महाराज, मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज, एलक श्री धैर्य सागर जी महाराज एवं एलक श्री स्वागत सागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास निष्ठापन (पारणा व विधि) संपन्न होगा।

धर्म प्रेमियों से विनम्र अपील

श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर मालवीय रोड ट्रस्ट कमेटी कार्यकारिणी तथा समयोपदेश वर्षायोग 2026 के समस्त पदाधिकारियों ने रायपुर सकल जैन समाज एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं पावन अनुष्ठान का धर्म लाभ प्राप्त करने की सादर अपील की है।

सूचनादाता : प्रणीत जैन

वर्षायोग समिति एवं सकल जैन समाज, रायपुर (छत्तीसगढ़)

Share:

You Might Also Like

Popular News