रायपुर - राजधानी में उपाध्याय प्रवर प्रवीण ऋषि जी महाराज साहब 9 से 17 अगस्त तक आनंद गाथा का वाचन करेंगे। बुधवार से 15 अगस्त तक यह कार्यक्रम रोज रात 9 से 10 बजे के बीच टैगोर नगर के श्री लालगंगा पटवा भवन में संपन्न होगा। वहीं 16 और 17 अगस्त को ये प्रोग्राम रात 8 से 9 बजे के बीच हुकम्स ललित महल में होगा। रायपुर श्रमण संघ के अध्यक्ष ललित पटवा ने बताया कि राष्ट्र संत आचार्य आनंद ऋषि जी महाराज साहब के 124वें मंगल जन्मोत्सव के अवसर पर 8 दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया है। इसके तहत 10 अगस्त को सुमित बिजनेस पार्क में सुबह 8 बजे से सामायिक दिवस मनाया जाएगा। 11 अगस्त को सुबह 8 बजे से 36 लाख नवकार जाप होगा। इसके लाभार्थी सुमित ग्रुप, कांकरिया परिवार हैं। टैगोर नगर स्थित श्री लालगंगा पटवा भवन में 12 अगस्त को णमोत्थुणं जाप, 13 अगस्त को उवसग्गहरं जाप, 14 अगस्त को पैसठिया जाप एवं एकासना दिवस, 15 अगस्त को लोगस जाप होगा। वहीं सेरीखेड़ी स्थित हुकम्स ललित महल में 16 अगस्त को आनंद चालीसा- प्रवचन एवं भक्ति, 17 अगस्त को आयंबिल दिवस, गुणानुवाद सभा एवं 1008 अट्ठाई पचक्खाण होगा। 18 अगस्त को पारणा महोत्सव मनाया जाएगा।