पालीताना - पूज्य गणनायक श्री सुखसागरजी म. सा. के समुदाय के वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य प्रवर श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा. के आज्ञानुवर्ती पूजनीया साध्वी श्री पवित्र श्रीजी म.सा. की शिष्या पूजनीया साध्वी श्री विशालप्रभाश्रीजी म.सा. का पालीताना श्री जिन हरि विहार धर्मशाला में भाद्रपद शुक्ल 5 ता. 20 सितम्बर 2023 को शाम 6 बजे नवकार महामंत्र की आराधना के साथ स्वर्गवास हो गया है। आपका जन्म लोहावट में वि. 2010 आवण सुदि 11 ता. 22 अगस्त 1953 को श्री मेघराजजी भंसाली की धर्मपत्नी सौ. मूलीबाई की रत्नकुक्षि से हुआ था। मात्र 10 वर्ष की उम्र में वि. 2020 वैशाख सुदि 11 को पालीताना में आपकी भागवती दीक्षा पूज्य गणाधीश श्री हेमेन्द्रसागरजी म.सा. के करकमलों से संपन्न हुई। आपने तत्वज्ञान के साथ सिद्धान्त कौमुदी आदि का अभ्यास किया था। अंग्रेजी भाषा पर भी आपकी बहुत अच्छी पकड़ थी। आपके परिवार में आपकी माताजी पू. साध्वी श्री वीरप्रभाश्रीजी म बडी बहिन पूज्य महत्तरा पद विभूषिता श्री दिव्यप्रभाश्रीजी म. भानजी पू साध्वी श्री दक्षगुणाश्रीजी म. भतीजी पू. साध्वी श्री विश्वज्योतिश्रीजी म. पू. साध्वी श्री विरागज्योतिश्रीजी म. दीक्षित हैं। पिछले काफी समय से आप अस्वस्थता के कारण पालीताना में बिराज रहे थे। पूज्य गुरुदेव गच्छाधिपति आचार्यश्री ने कहा- उनके स्वर्गवास से समुदाय व गच्छ में योग्य साध्वी की क्षति हुई है। उनकी आत्मा सद्गति प्राप्त करे और क्रमशः मोक्ष पद का वरण करे।