October 02, 2023


जन आकांक्षाओं के अनुरूप कबीरधाम जिला का हो रहा समुचित विकास - केबिनेट मंत्री श्री अकबर

जलाशय नहर, चेकडेम निर्माण से सिंचाई सुविधाओं का हो रहा विस्तार, किसानों को मिलेगा लाभ। कवर्धा, 2 अक्टूबर 2023 - प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी जन्म दिवस 2 अक्टूबर को सुराजी गांव के सपनें को साकार करने की दिशा में काम करते हुए जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों की सौगात दी। केबिनेट मंत्री श्री अकबर ने आदिवासी, बैगा बाहुल्य बोड़ला विकासखण्ड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में सिंचाई क्षमता की विकास के लिए ग्राम छुही में 2 करोड़ 9 लाख 44 हजार रूपए की लागत से जलाशय नहर का पुर्ननवीनीकरण कार्य का शिलान्यास और ग्राम घोठा में नवनिर्मित चेक डेम का लोकार्पण किया। मंत्री श्री अकबर ने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। छुही वनांचल क्षेत्र में सिचाई विस्तार के क्षेत्र में काम होने से पूरे वनांचल क्षेत्र में हर्ष का माहौल बना हुआ है। इस क्षेत्र की यह वर्षों पुरानी मांग थी, जो कैबिनेट मंत्री श्री अकबर के प्रयासों से पूरा हो रहा है। श्री अकबर आज सोमवार को जिले के प्रवास पर थे। इस अवसर पर राज्य क्रेडा सदस्य कन्हैया अग्रवाल, होरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मुखीराम मरकाम, जिला कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवा राम साहू, पीताम्बर वर्मा, सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं हजारो की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री श्री अकबर ने ग्राम छुही और घोठा में विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन में कहा कि पौने पांच साल से लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति मिल रही है। इससे पहले भी कवर्धा विधानसभा में किसानों के लिए सिचाई सुविधाओं का विस्तार करते हुए घठौला जलाशय निर्माण के लिए 12 करोड़ रूपए की मंजूरी मिली चुकी है। इसके साथ ही 69 करोड़ 76 लाख रूपए की लागत से जगमड़वा जलाशय निर्माण कार्य और 4 करोड़ 45 लाख 94 हजार रूपए की लागत से खम्हरिया व्यपवर्तन योजना निर्माण का भूमिपूजन किया गया है। जिले में लगातार सिंचाई क्षेत्र में विस्तार मिलने से जिले के किसानों के चेहरे में खुशी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिला में सिंचाई सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार इस क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। जिससे किसानों को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि नहरों और जलाशयों के निर्माण से सिंचाई में सुविधा होगी। केबिनेट मंत्री श्री अकबर ने कहा कि क्षेत्र का समुचित विकास और जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों तथा समस्याओं का ठोस समाधान करना हमारी पहली प्राथमिकता में भी शामिल है। जनहित और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कबीरधाम जिला चहुमुखी विकास कर रहा है। जिले के समुचित विकास, सिंचाई योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, अधोसंरचना निर्माण, पुल-पुलिया, सड़क, भवन निर्माण सहित सभी समाजों के समग्र विकास का भी सरकार ने ख्याल रखा है। कबीरधाम जिला कृषि प्रधान जिला है, यहां किसानों द्वारा गन्ना की खेती की जाती है जिसे ध्यान में रखते हुए शक्कर कारखाना खोला गया है। इसी पर आधारित गन्ना बेस इथेनॉल प्लांट की स्थापना की गई है। जिसका मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने पिछले दिनों लोकार्पण किया। इथेनॉल प्लांट से प्रारंभ होने से अब दोहरा लाभ मिलेगा। एक ओर गन्ना किसानों को फायदा होगा वहीं दूसरी ओर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। कैबिनेट मंत्री श्री अकबर ने कहा कि कबीरधाम जिले में औसत से कम बारिश होती है, इसलिए हमारी सरकार ने किसानों को सशक्त, समृद्ध बनाने के लिए कबीरधाम जिले में सिंचाई क्षमता को बढ़ाने के लिए रोडमैप तैयार कर लिया है। कबीरधाम जिले में घटोला बांध सहित और 15 नवीन लघु सिंचाई योजनाओं को मूर्त रूप देने की दिशा में काम बढ़ा दिया है। इनमें रामपुर बरेड़ा व्यपवर्तन, जगमड़वा जलाशय, सुतियापाठ मध्यम जलाशय के दायी तट पर नहर विस्तारीकरण, राली व्यपवर्तन नहर कार्य, खम्हरिया व्यपवर्तन शीर्ष कार्य एवं नहर कार्य, मगरवाड़ा व्यपवर्तन नहर कार्य, कोयलारी व्यपवर्तन, बकेला फीडर कैनाल से कं्राति रमतला एवं देवसरा जलाशय की नहरों का विस्तरीकरण, रिमाडलिंग कार्य, कपाट नाला व्यपवर्तन योजना, भाटकुंडेरा (ठाठापुर व्यपवर्तन योजना), मोतेसरा खैरवार एनिकट कम काजवे, रेंगाबोड कुण्डा व्यपवर्तन नहर कार्य, दमगढ़ व्यपवर्तन योजना, थुवा व्यपवर्तन, नहर कार्य, जल्दानाला जलाशय नहर कार्य का काम प्रस्तावित है। इसमें से क्रांति जलाशय एव नहर विस्तारी करण का भूमिपूजन हो चुका है। इन सभी कार्य पूरा होने से 13 हजार 542 हेक्टेयर में सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी। इस प्रकार जिले में कुल सिंचाई रकबा 54465 हेक्टेयर से बढ़कर 68006 हेक्टेयर हो जाएगा। साथ ही कुल आने वाले समय में कबीरधाम जिले की सिंचाई क्षमता 28.75 प्रतिशत से बढ़कर 35.90 प्रतिशत हो जाएगी।

Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch