BREAKING

भगवान महावीर स्वामी के 2623 वें जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में जैन समाज का पांचदिवसीय भव्य आयोजन।

Share:

रायपुर - जैन समाज द्वारा 21 अप्रैल 2024 को महावीर जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में पांचदिवसीय महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जैन समाज द्वारा प्रतिवर्षानुशार इस वर्ष भी भगवान महावीर जन्मकल्याणक के सुअवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए है। 17 अप्रैल से 21 अप्रैल तक पाँच दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिन नवपद जी की पूजा आयोजित की गई एवं महिला मण्डल द्वारा गहुली बनाओ, धार्मिक सांपसीढी आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


द्वितीय दिन एकल गीत प्रतियोगिता आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तीसरे चौथे एवं अंतिम दिन प्रतिदिन प्रात: 5.30 को शहर के विभिन्न मार्गों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 19 अप्रैल को प्रात: 7 बजे विहार सेवा ग्रुप द्वारा वेदमाता गायत्री गौशाला में गायों को गुड, चुनी व तरबूज खिलाया  गया। 19 अप्रैल को लूनिया भवन में श्री शांतिनाथ धर्मरक्षक मण्डल द्वारा सभी समाज व वर्ग के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया, जिसमे नवकार हॉस्पिटल रायपुर के डॉक्टर एवं बिलासा ब्लड बैंक के टेक्नीशियन ने अपनी सेवाएं प्रदान की।


शाम को महिला मंडलों द्वारा गहुली प्रतियोगिता एवं महावीर अंताक्षरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। आज चतुर्थ दिवस म्यूजिकल स्नात्र पूजा एवं बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। कल पंचम दिवस अर्थात भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक के दिन अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए है। इस दिन प्रभात फेरी एवं नवकारसी के बाद सामूहिक स्नात्र पूजा जैन मंदिर में की जाएगी।


प्रात: 8.30 बजे बाजे गाजे के साथ प्रभु का भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा जो की शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ जैन मंदिर में आकर समाप्त होगा। नगर सजावट, वरघोड़ा एवं प्रभात फेरी की व्यवस्था संभालने का दायित्व श्री धर्मरक्षक शांतिनाथ जैन मण्डल को दिया गया है। बरघोड़ा के पश्चात श्री महावीर स्वामी षटकल्याणक की पूजा जैन मंदिर में रखी गई है। दोपहर 12.30 बजे से जैन श्री संघ की तरफ से शांतिनाथ भवन में स्वामी वात्सल्य रखा गया है। दोपहर को भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। दोपहर 2 बजे जैन समाज द्वारा सरकारी अस्पताल एवं अनाथ आश्रम में फल वितरण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे महावीर यूथ फाउंडेशन द्वारा नेहरू चौक में छाछ वितरण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से वर्धमान ग्रुप द्वारा गांधी चौक में आम भंडारा रखा गया है। इस दिन रात्रि 8.00 बजे महावीर इंटरनेशनल द्वारा आश्रम परिसर में भक्तिगीत स्पर्धा का आयोजन किया गया है एवं उसी मंच में जैन श्री संघ द्वारा मेघावी जैन बच्चों का सम्मान भी किया जाएगा।

उक्त जानकारी देते हुए महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के संयोजक धीरज गोलछा एवं जैन श्री संघ के सचिव सीए रितेश गोलछा नें बताया की प्रतिदिन रात्रि 8.30 बजे जैन मंदिर में प्रभु भक्ति रखी गई है। उन्होंने बताया की प्रभात फेरी में प्रतिदिन पुरस्कार एवं प्रभावना वितरित किया जाएगा। इस दिन शाम को सभी से अपने घर एवं दुकान के सामने दीपक जलाने, स्वागत बैनर एवं ध्वजा लगाने की अपील की गई है। घरों में दिया, रंगोली व झालर सजावट के लिए स्व. लालचंद जी सरिया बाई चोपड़ा परिवार की तरफ से पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। महावीर जन्मकल्याणक के अवसर पर 21 अप्रैल को सभी जैन संस्थान बंद रहेंगे।

सीए रितेश कुमार गोलछा 

(सचिव, जैन श्रीसंघ, महासमुंद)

Share:

Popular News