रायपुर - राजधानी की पावन धरा पर जिनवाणी की वर्षा के क्रम में शुक्रवार को दीर्घ तपस्वी श्री विरागमुनिजी के श्रीमुख से न्यू राजेंद्र नगर स्थित महावीर स्वामी जिनालय में श्रावकों ने प्रवचन का लाभ लिया। प्रवचन के दौरान उन्होंने कहा कि आप लोग खूब धर्म करते हो, खूब भंडारा करते हो, एक दिन सड़क पर लोगों को रोक-रोककर भोजन और शरबत बांटते हो। उस एक दिन के इतर क्या कभी आपने राह चलते व्यक्ति को कभी रोकर पानी पूछा है, कभी उसे 5 रुपए देकर चाय पीने को कहा है। ऐसा आप कभी नहीं कर सकते, कभी ऐसा करके देखो। कभी अपने वर्कर को बिना मांगे 500 रुपए देकर देखो, तब किस सुख की अनुभूति होगी उसका अनुभव आपने अब तक शायद ना किया हो। चलो पैसे देना तो बहुत दूर की बात है अगर आप किसी का दुख देखकर, उसका दुख समझ कर उसके प्रति अगर आपको अंदर से सहानुभूति भी आ जाए तो आप मोक्ष मार्ग में आगे बढ़ जाएंगे।
दूसरी बात आती है विश्वास की। आज हम सब विश्वास के आधार पर एक दूसरे के ऊपर निर्भर है। क्या कभी आपने अपने घर वालों पर, अपनी पत्नी पर शक किया हैं कि, कहीं उसने खाने में जहर डालकर तो आपको नहीं दिया। क्या आप खाना खाने से पहले अपने भोजन की रोज टेस्टिंग करते हैं, नहीं ना। क्योंकि, आपको अपनी मां पर, अपनी पत्नी पर पूरा विश्वास है कि वह आपको खाने में जहर मिलाकर नहीं देंगे। लेकिन आज लोगों का विश्वास अपनों के प्रति टूटता जा रहा है और शक का दायरा बढ़ रहा है, इसके चलते आपसी मतभेद और मनमुटाव के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं और हमारा परिवार टूटता जा रहा है।
आप जब प्रवचन सुनने आते हैं तो आप मन में दृढ़ संकल्प करते हैं और यह आपको विश्वास रहता है कि आप प्रवचन के प्रसंगों को अपने जीवन में उतारेंगे लेकिन ऐसा होता नहीं है। क्योंकि प्रवचन के दौरान आपका मन कहीं और रहता है। हमने केवल प्रवचन सुनने मात्र का लक्ष्य बना रखा है कि सुबह हमें एक घंटे प्रवचन सुनने जाना है। और इसी के चलते अक्सर हम जीवन की बड़ी-बड़ी परीक्षाओं में फेल हो जाते हैं।
चातुर्मास समिति के प्रचार प्रसार संयोजक नीलेश गोलछा और तरुण कोचर ने बताया कि जिनवाणी की वर्षा के क्रम में 29 और 30 जून को देवेंद्र नगर स्थित शीतलनाथ जिनालय में मुनिश्री का प्रवचन होगा। आप सभी से निवेदन है जिनवाणी का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
17 Aug 2026