दिनांक:-09/04/2026 स्थान:- भीलवाड़ा (राज.) - आचार्य प्रवर श्री रामलाल जी म.सा. का भीलवाड़ा में चातुर्मास चल रहा था। मैं उनके दर्शन करने गया। मेरा उनसे व्यक्तिगत कोई परिचय नहीं था। वहाँ के चातुर्मास समिति के महानुभावों ने परिचय कराया कि जीतो के पदाधिकारी हैं। आचार्य श्री रामलाल जी म.सा. एवं उपाध्याय प्रवर श्री राजेश मुनि जी म.सा. ने जीतो को अपना ही संगठन समझा और कई प्रश्न किये। प्रश्न करने के बाद फरमाया कि जीतो शिक्षा, रोजगार आदि पर बहुत से कार्य कर रहा है, लेकिन विश्व कल्याण के लिए कोई काम करे तो श्रेष्ठ हो। हमने कहा गुरुदेव आप ही फरमाईए। गुरुदेव ने फरमाया कि विश्व की शांति के लिए विश्व नवकार मंत्र दिवस का कार्यक्रम आप कीजिए। जो जीतो कॉरपोरेट एवं प्रोफेशनल कार्य कर सकता है तो धार्मिक कार्य भी कर सकता है। हमने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स व पदाधिकारियों के समक्ष यह बात रखी।

भीलवाड़ा की धरती का सौभाग्य है कि उसी दरमियान भीलवाड़ा में विशाल जीतो हाऊस का लोकार्पण होना था और देश के समस्त प्रांतों एवं शाखाओं के पदाधिकारी व एपेक्स के पदाधिकारी भीलवाड़ा में मौजूद थे। उन सबको लेकर गुरुदेव की सेवा में गए और गुरुदेव ने पुनः वही आशीर्वाद दोहराया कि विश्व कल्याण के लिए विश्व नवकार मंत्र दिवस का आयोजन होना चाहिए। सौभाग्य की बात है कि अपेक्स ने इसी वर्टिकल को साबित करने के लिए पूरा प्रोसीजर किया और जीतो व एपेक्स के पदाधिकारियों ने हाथों हाथ सहमति व्यक्त कर दी। प्रक्रिया चली। आचार्य प्रवर श्री रामलाल जी म.सा. एवं उनके सान्निध्यवर्ती संत-सती जी के आशीर्वाद से इस प्रक्रिया के सिस्टम के लिए वर्किंग चालू की। कुछ ही दिन में हमारे अपेक्स में मीठालाल जी सिंघवी का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। उसमें पुनः एपेक्स के चेयरमेन पृथ्वीराज जी कोठारी और समस्त कार्यकर्ता व मान्यवर शामिल हुए। यह प्रजेंटेशन हुआ।
सबसे बड़ी बात आप सबको बताना चाहूँगा कि गुरुदेव रामलाल जी म.सा. ने फरमाया कि मैंने एक बिन्दु आपको दिया, लेकिन मेरा नाम कहीं नहीं आए।