खेतिया (मध्यप्रदेश) - परम पूज्य गुरुदेव सूरि सम्राट राष्ट्ररत्न, अवंति तीर्थोद्धारक, खरतरगच्छाधिपति आचार्य श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा., पूज्य गणिवर्य श्री मयंकप्रभसागरजी म.सा., पूज्य मुनि श्री विरक्तप्रभसागरजी म.सा. आदि ठाणा 3 का मध्य प्रदेश के खेतिया नगर में दिनांक 4 मई 2026 को भव्य मंगल प्रवेश संपन्न हुआ। 7 वर्षों बाद खान्देश की पावन धरा पर पूज्य गुरुदेव श्री के पुनः पदार्पण से समस्त श्रावक-श्राविकाओं में उत्साह का वातावरण रहा। मंगल प्रवेश शोभायात्रा योगेश ओमराजजी चौपड़ा की दुकान से प्रारंभ होकर नामिनाथ जिनमंदिर पहुँची, जहां मार्ग में मुख्य गांधी चौक पर ज्ञान वाटिका के बच्चों द्वारा सुंदर प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात् पूज्यश्री जिनमंदिर से खरतरगच्छ भवन पधारे, जहां धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि खान्देश प्रदेश धर्म आराधना की खान है तथा यहाँ आते ही अपनेपन की अनुभूति होती है। उन्होंने प्रेरणा दी कि आत्मविश्वास को कभी डिगने या कम होने न दें और शुद्धि व संयम के साथ जीवन जीते हुए ऐसा पुरुषार्थ करें, जिससे शासन सुखी बने। इसके पश्चात् मुकेशजी एवं केयूप टीम बाड़मेर के सुनीलजी बोथरा, लव बोहरा, ऋषभ सिंघवी एवं गौरव बोहरा का बहुमान किया गया। वहीं गुरुपूजन का लाभ अक्कलकुंवा निवासी केयूप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज कुमारजी डागा परिवार द्वारा लिया गया तथा कामली का लाभ लूणकरणजी सौभागमलजी चौपड़ा परिवार,(खेतिया) द्वारा लिया गया। नवकारसी व स्वामीवात्सल्य का लाभ गणेशमलजी बाफना, जसराजजी भंसाली, प्रदीपजी भंसाली एवं श्रीपालजी नाहर परिवार द्वारा लिया गया। कार्यक्रम का संचालन महावीरजी भंसाली द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही तथा बाहर से पधारे अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
