BREAKING

दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में रक्षाबंधन पर विशेष सभा एवं विविध गतिविधियों का आयोजन।

Share:

कवर्धा - दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा विशेष सभा का संचालन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भाई-बहन के पवित्र, स्नेहपूर्ण एवं अटूट रिश्ते को सुंदर शब्दों और प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास को प्रदर्शित करती मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का हृदय जीत लिया।


कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक एवं प्रेरणादायक क्षण वह रहा, जब कक्षा 9 से 12 की छात्राओं ने विद्यालय के गार्ड भैया, ड्राइवर, कंडक्टर एवं अन्य कर्मचारियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और सुरक्षा के भाव को व्यक्त किया।

विद्यालय द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर सुरक्षा एवं सेवा में लगे लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए विशेष पहल की गई। गत सप्ताह विद्यालय के विद्यार्थियों ने बटालियन जाकर वहां उपस्थित जवानों को भी राखी बांधी थी। इसी क्रम में कक्षा 9 से 12 की छात्राओं द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण कर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिसकर्मियों को राखी बांधी गई। छात्राओं ने समाज की सुरक्षा में पुलिसकर्मियों के योगदान के प्रति अपना सम्मान और आभार व्यक्त किया।

रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के लिए अनेक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण प्रतियोगिता तथा कक्षा 6 से 8 की छात्राओं के लिए थाली सजावट प्रतियोगिता का आयोजन सीसीए प्रभारी शुभम सर के मार्गदर्शन में किया गया।


वहीं, कक्षा 6 से 8 एवं 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए इंटर हाउस कबड्डी एवं रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन गोपेश्वर सर के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यार्थियों ने इन खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया।

इसके साथ ही कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों के लिए वैभव सर द्वारा “नो टोबैको” विषय पर एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वैभव सर द्वारा सभी विद्यार्थियों को तंबाकू एवं नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।

विद्यालय में आयोजित इन सभी कार्यक्रमों ने रक्षाबंधन के पर्व को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न रखते हुए प्रेम, सुरक्षा, सम्मान, भाईचारे और सामाजिक एकता के उत्सव के रूप में सार्थक बनाया। विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ देते हुए इस पावन पर्व के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

Share:

Popular News