May 07, 2022


कैबिनेट मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने नगर पंचायत अध्यक्षों की बैठक ली।

कवर्धा, 07 मई 2022। प्रदेश के वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री व कवर्धा के विधायक श्री मोहम्मद अकबर ने आज राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में कबीरधाम जिले के नगर पंचायतों के अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में जिले के चारों नगर पंचायत के अध्यक्षगण शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्षों को अपने-अपने निकायों में विकास कार्यों के लिए जुट जाने का निर्देश दिया। बैठक में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती ममता चन्द्राकर भी उपस्थित थी। जिले के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा, पिपरिया, बोड़ला व पाण्डातराई के अध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने अपने निवास कार्यालय बुलवाया था। कांग्रेस के पार्षदों व एल्डरमेन के साथ उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य में विकास की गंगा बहाने का कार्य किया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए राज्य शासन पर्याप्त राशि उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल प्रदेश में विकास के नाम पर कभी कोई समझौता नहीं करते। मुख्यमंत्री की मंशा छत्तीसगढ़ को विकास की ओर ले जाने की है। मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने नगर पंचायत अध्यक्षों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाए। स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराया जाए। इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए कि छत्तीसगढ़ शासन के जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ समस्त नागरिकों को मिले। राशन कार्ड बनाने का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए। मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने चारों नगर पंचायत अध्यक्षों को निर्देश दिया कि जन्म प्रमाण पत्र सहित लोक सेवा के अन्य कार्यों के लिए नागरिकों को भटकना ना पड़े। वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन योजना की राशि आसानी से मिल जाए। नगर पंचायत क्षेत्र के विकास एवं नागरिकों के हित के लिए पार्षदगणों व एल्डरमेन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। बैठक में सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा श्रीवास के प्रतिनिधि श्री मनहरण श्रीवास, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष श्री महेन्द्र कुंभकार, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री साहू, पंडरिया नगर पंचायत अध्यक्ष श्री फिरोज खान, सर्वश्री कन्हैया अग्रवाल, रामचरण साहू, भीषणचंद तिवारी (पार्षद पांडातराई), एल्डरमेन अजय गुप्ता, एल्डरमेन लालजी चंद्रवंशी, एल्डरमेन कैलाश दुबे, गब्बर खान, आशीष दास आदि उपस्थित थे।

Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch