नक्सली हिंसा का मार्ग छोड़ भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा के मार्ग पर चलें - नवकार जाप कर प्रार्थना। भगवान महावीर स्वामी का कैवल्य कल्याणक महोत्सव। रायपुर - जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा महावीर स्वामी के कैवल्य कल्याण दिवस निमित्ते सवा लाख नवकार जाप का अनुष्ठान रखा गया है। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि हिंसा मुक्त हो समाज, भाईचारे व समृद्धि की कामना से जाप रखा गया है। परमात्मा से प्रार्थना करना है, कि नक्सलियों को सद्बुद्धि दे कि हिंसा का रास्ता छोड़कर भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा के मार्ग पर चलें और समाज की मुख्यधारा में जुड़कर समाज व देश निर्माण में सहयोग करें। वैशाख सुदी 10 , रविवार 30 अप्रेल को भगवान महावीर स्वामी का केवल ज्ञान प्राप्ति का दिन है। साढ़े बारह वर्ष की कठोर साधना के पश्चात गोदोहासन में काउसग्ग करते हुए महावीर स्वामी को शाल वृक्ष के नीचे ऋजुबालिका नदी के तट पर सम्पूर्ण ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि कैवल्य कल्याणक दिवस पर सम्पूर्ण ज्ञान के प्रकाश में सकल जैन समाज हिंसा मुक्त समाज, सुख समृद्धि व भाईचारे हेतु आज सवा लाख नवकार महामन्त्र की आराधना करेगा। महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने आगे बताया कि ज्ञान के प्रकाश प्रतिरूप शुद्ध घी के दीपक या चिराग प्रज्वलित कर जैन भाई बहनें घर पर 12 नवकार का जाप कर हिन्सा मुक्त समाज भाईचारे समृद्धि हेतु प्रार्थना करेंगे। जाप प्रातः 7 बजे से संध्या 7 बजे के मध्य किया जावेगा। चन्द्रेश शाह व महावीर कोचर ने कहा कि इस आयोजन की विशेषता है, कि भगवान महावीर स्वामी को जिस गोदोहासन मुद्रा में केवल ज्ञान की प्राप्ति हुई थी सकल जैन समाज उसी गोदोहासन मुद्रा में जैन मंदिर व घर घर 12 नवकार महामन्त्र का जाप करेंगे। गोदोहासन में जाप की फ़ोटो, वीडियो कार्यक्रम संयोजक अमर बरलोटा 9300146053 या महावीर कोचर 8889063888 मोबाईल नम्बर पर व्हाट्सएप करें। महेन्द्र कोचर ने बताया कि इसका प्रचार छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत के जैन समाज में किया गया है। ताकि परमात्मा के सम्पूर्ण ज्ञान के प्रकाश में नवकार जाप से छत्तीसगढ़ व पूरे देश में सुख समृद्धि व भाईचारा बनाए रखने की शक्ति जनमानस को प्राप्त हो।