रायपुर - भारतीय योग संस्थान दिल्ली की रायपुर शाखा भैरव सोसाइटी योग परिवार में आयोजित पाँच दिवसीय नि:शुल्क योग एवं बाल संस्कार शिविर के दूसरे दिन बच्चों एवं अभिभावकों को “संगठन में शक्ति” का प्रेरणादायक संदेश दिया गया। शिविर का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं सामूहिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।

शिविर में बच्चों को अनेक सरल उदाहरणों एवं प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से समझाया गया कि संगठन और एकता से ही घर, परिवार, समाज एवं देश मजबूत बनते हैं। बच्चों को बताया गया कि जैसे एक बैल अकेले बैलगाड़ी नहीं चला सकता, उसी प्रकार अकेला व्यक्ति बड़े कार्यों को सफल नहीं बना सकता। एक हाथ से ताली नहीं बज सकती, लेकिन दोनों हाथ मिलकर मधुर ध्वनि उत्पन्न करते हैं। इसी प्रकार जब परिवार, समाज एवं देश के लोग मिलकर कार्य करते हैं, तभी सफलता, शांति एवं विकास संभव होता है।
प्रशिक्षकों ने बच्चों को खेल-खेल में संगठन की गतिविधियाँ कराईं, जिसमें समूह बनाकर कार्य करना, एक-दूसरे की सहायता करना, अनुशासन में रहना एवं सामूहिक निर्णय लेने जैसी क्रियाएँ शामिल रहीं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने एकता, सहयोग एवं टीम भावना का महत्व सीखा।
इस अवसर पर बड़ों एवं अभिभावकों को भी परिवार में सामंजस्य बनाए रखने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए गए। उन्हें समझाया गया कि परिवार में प्रेम, संवाद, धैर्य, सम्मान एवं त्याग की भावना ही घर को सुखी एवं संगठित बनाती है। बड़े यदि अपने व्यवहार में सरलता एवं अपनापन रखें, तो बच्चे स्वतः अच्छे संस्कारों को अपनाते हैं।
शिविर में बच्चों एवं उपस्थित लोगों को योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं ध्यान का अभ्यास भी कराया गया। योग के माध्यम से शरीर, मन एवं विचारों में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा दी गई। पूरे सत्र में बच्चों ने अत्यंत उत्साह एवं आनंद के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष आदरणीय रूप नारायण सिन्हा जी की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं शोकसभा का आयोजन भी किया गया। उपस्थित सभी योग साधकों एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा योग एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण किया।
शिविर में भारतीय योग संस्थान के प्रांत प्रधान मुकेश सोनी सहित , राजेश अग्रवाल, संतोष साहू, श्रीमती कांति लुनिया, सुषमा साहू धनेश्वरी वज्रपात,लोकेश साहू, राम साहू,तोषी बेगानी,अंजू जैन, संदीप सूर्यवंशी, सुषमा साहू, सुमन भार्गव, चित्रा साहू एवं प्रिया लूनिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों में संस्कार, अनुशासन एवं संगठन की भावना विकसित करने पर बल दिया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में शिविर में मोटापा स्वास्थ्य, योग चिकित्सा, ध्यान, प्राकृतिक जीवनशैली एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े विशेष सत्र आयोजित किए जाएँगे, अंतिम 31 तारीख को परिवार सहित कुटुंब योग का विशेष आयोजन किया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों से शिविर में सहभागिता करने की अपील की गई।
प्रेरक संदेश
“जहाँ संगठन होता है, वहीं शक्ति, सफलता और संस्कार जन्म लेते