रायपुर - मालवीय रोड स्थित ऐतिहासिक श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में सोमवार, 1 जून 2026 से 10 दिवसीय 'ग्रीष्मकालीन श्रमण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर' का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। श्री दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर (जयपुर) के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर आगामी 10 जून तक चलेगा। शिविर का आयोजन संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की पावन प्रेरणा से किया जा रहा है।

श्री दिगंबर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट (कार्यसमिति) एवं श्री आदिनाथ विद्या धार्मिक पाठशाला के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि आधुनिकता और स्मार्टफोन के इस दौर में नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली जैन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़े रखने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर की गतिविधियों को दो सत्रों (सुबह और शाम) में विभाजित किया गया है, ताकि बच्चे और बड़े दोनों इसका पूर्ण लाभ उठा सकें प्रातः कालीन सत्र: सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक देव-शास्त्र-गुरु की भक्ति के तहत अभिषेक एवं सामूहिक पूजन होगा। इसके पश्चात 8:00 से 9:30 बजे तक बच्चों एवं बड़ों के लिए पृथक-पृथक धार्मिक कक्षाएं लगेंगी। सुबह के सत्र के बाद सभी शिविरार्थियों के लिए संस्था की ओर से स्वल्पाहार (नाश्ते) की व्यवस्था रहेगी।
शाम 7:00 से 7:30 बजे तक सामूहिक आरती एवं पाठ होगा। तत्पश्चात 7:30 से 8:30 बजे तक सायंकालीन कक्षाएं आयोजित होंगी।
रात्रि 8:30 से 9:15 बजे तक बच्चों के मनोरंजन और ज्ञानवर्धन के लिए संस्कारमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक प्रश्नमंच, अंताक्षरी, तंबोला तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही मानसिक शांति व एकाग्रता के लिए अर्हं योग और भावना योग के विशेष सत्र भी होंगे।
शिविर में सम्मिलित होने वाले सभी प्रतिभागियों को शास्त्र ग्रंथ, नोटबुक, पेन/पेंसिल एवं आवश्यक किट पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएगी। शिविर के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
शिविर को सफल बनाने के लिए विद्वतश्री सौरभ कुमार जैन शास्त्री (9179685885) और शास्त्री अभिषेक जैन “आयांश” (8588903262) के निर्देशन में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जैन समाज के अध्यक्ष एवं कार्यसमिति ने रायपुर के समस्त जैन परिवारों से अपील की है कि वे ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करते हुए अपने बच्चों को इस शिविर में अवश्य भेजें और स्वयं भी सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।
सौजन्य से: श्री दिगंबर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट, कार्यसमिति
एवं श्री आदिनाथ विद्या धार्मिक पाठशाला, मालवीय रोड, रायपुर (छ.ग.) 9179685885 / 8588903262