रायपुर - अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। दीपक बैज बस्तर सीट से लोकसभा के सांसद हैं। सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज को नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी है, सीएम बघेल ने ट्वीट कर निवर्तमान अध्यक्ष मोहन मरकाम का संगठन का सफल नेतृत्व करने के लिए आभार जताया है।
अब तक कांग्रेस विधायक मोहन मरकाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लंबे समय से मोहन मारकम को हटाए जाने की चर्चा हो रही थी, अब कांग्रेस राष्ट्रीय नेतृत्व ने बस्तर के आदिवासी नेता दीपक बैज को प्रदेश की कमान सौंप दी है।
पीसीसी चीफ बदले जाने पर मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा, ये पार्टी हाई कमान का निर्णय है, दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देते हैं, मोहन मरकाम भी अच्छा काम कर रहे थे, दीपक बैज भी अच्छा काम करेंगे, आगामी चुनाव में इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मोहन मरकाम को आगे क्या जिम्मेदारी दी जाएगी, इसकी जानकारी नहीं है, जो भी फैसला होगा जो भी फैसला लिया जाता है, ये हाई कमान का होता है।
कौन हैं दीपक बैज?
दीपक बैज बस्तर के आदिवासी नेता हैं, वे ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं, चित्रकूट विधानसभा सीट से विधायक (2013 से 2018) रहे हैं, फिलहाल वो बस्तर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की ये दूसरी बड़ी नियुक्ति है, इससे पहले कांग्रेस ने पार्टी के सीनियर नेता और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री टीएस सिंह देव को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया था।