रायपुर - इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 38वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के तहत कॉलेज परिसर में विकास प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में मनोहर गौशाला खैरागढ़ का भी स्टॉल लगाया गया था, जिसका देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवलोकन किया। मनोहर गौशाला की विकास प्रदर्शनी को देखकर उपराष्ट्रपति अभिभूत हो गए। उन्होंने यहां गोबर से बनाई जा रही चीजों की जमकर सराहना की। इस स्टॉल में वे करीब 3 मिनट तक रहे और गोबर से निर्मित चीजों की जानकारी ली। मनोहर गौशाला के मैंनेजिंग ट्रस्टी पदम डाकलिया ने उपराष्ट्रपति को कामधेनु सौम्या का छायाचित्र, गोबर से बने भगवान गणेश की प्रतिमा, गोबर से बने दीये, गोबर से बनी चटाई और गोबर से बने मनके की माला भेंट की। उन्होंने उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ को बताया कि उनके पास अद्वितीय 27 लक्षणों से युक्त एक मात्र कामधेनु गाय है। उन्होंने अब तक 75 हजार किसानों को गौमूत्र एवं जैविक पदार्थों से बने निःशुल्क फसल अमृत का वितरण किया है। उपराष्ट्रपति ने श्री डाकलिया के गौ सेवा एवं किसान हितैषी कार्यों की सराहना की।