कवर्धा : - 18/03/25 सोमवार 17 मार्च को जैन श्री संघ कवर्धा का आगामी कार्यकाल के लिए निर्वाचन संपन्न हुआ। निवर्तमान पदाधिकारी नरेंद्र नाहटा एवं प्रदीप बोथरा ने निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई। निर्वाचन सभा में अध्यक्ष पद हेतु पांच नाम आए। नेमीचंद श्रीश्रीमाल, डॉ मोहन जैन, खुशाल टाटिया, अतुल देशलहरा एवं राजेंद्र सांखला।
मीटिंग में प्रेमचंद श्री श्रीमाल ने यह याद दिलाया कि अब तक की हमारी शानदार परंपरा रही है की पदाधिकारी का मनोनयन आम राय से होते आया है। यदि वर्तमान में भी ऐसा ही हो तो संघ मजबूत होगा और आपसी प्रेम संबंध विकसित होंगे। विचार विमर्श के दरमियान सभा में खुशी की लहर तब दौड़ पड़ी जब खुशाल टाटिया, राजेंद्र सांखला, अतुल देशलहरा एवम् डॉ. मोहन जैन ने समाज हित में विशाल हृदय एवं उदारता का परिचय देते हुए नाम वापस लेकर सर्वसम्मत मनोनयन का मार्ग प्रशस्त किया।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा श्री नेमीचंद श्रीश्रीमाल को एकमतेन निर्वाचित घोषित किया गया। 78 वर्षीय श्री नेमीचंद श्रीमाल को सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने का दीर्घ अनुभव है। वर्तमान में दो कार्यकाल से स्थानक वासी जैन संघ के अध्यक्ष है और पूर्व में मंत्री भी रह चुके हैं। अपनी समाज सेवा की यात्रा को आगे बढ़ा कर समूचे जैन संघ के अध्यक्ष के रूप में आज प्रोन्नत हुए हैं। निर्वाचित होते ही उन्हें तिलक लगाकर मालाओं से लाद दिया गया। सभी समाज बांधवो ने उन्हें बधाई देते हुए भावी कार्यकाल स्वर्णिम होने की कामना की।
सकल जैन श्री संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री नेमीचंद श्रीश्रीमाल ने अपनी चिर परिचित मुस्कान के साथ सभी को धन्यवाद दिया एवं आकांक्षाओं में खरे उतरने का वचन दिया।